Thursday, September 10, 2026

रांची के चयनित स्कूलों में छात्राओं को मिलेगा आत्मरक्षा प्रशिक्षण, महिला प्रशिक्षक सिखाएंगी तकनीक.

Share

रांची: शैक्षणिक सत्र 2026-27 में जिले के चयनित विद्यालयों में पढ़ने वाली छात्राओं के लिए आत्मरक्षा प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू किया जाएगा। यह प्रशिक्षण सितंबर से लगातार तीन महीने तक चलेगा। कार्यक्रम का मकसद छात्राओं को आत्मरक्षा के जरूरी कौशल से परिचित कराने के साथ उनमें आत्मविश्वास और सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

झारखंड शिक्षा परियोजना परिषद के निर्देश के तहत संचालित होने वाले इस कार्यक्रम के लिए प्रत्येक चयनित विद्यालय को प्रशिक्षक के मानदेय के रूप में हर महीने 5 हजार रुपये दिए जाएंगे। तीन महीने की अवधि के लिए यह राशि कुल 15 हजार रुपये होगी।

ताइक्वांडो और जूडो-कराटे की प्रशिक्षक देंगी ट्रेनिंग

छात्राओं को प्रशिक्षण देने के लिए अनुभवी महिला प्रशिक्षकों का चयन किया जाएगा। इसके लिए ताइक्वांडो, वुशु, जूडो-कराटे सहित अन्य संबंधित खेल विधाओं में प्रशिक्षित महिला प्रशिक्षकों को प्राथमिकता दी जाएगी।

प्रशिक्षकों के चयन की प्रक्रिया झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन के माध्यम से पूरी की जाएगी। चयन के बाद प्रशिक्षक संबंधित विद्यालयों में नियमित रूप से छात्राओं को आत्मरक्षा से जुड़ी तकनीकों का अभ्यास कराएंगी।

स्कूलों को करनी होगी प्रशिक्षण की निगरानी

जिला शिक्षा पदाधिकारी-सह-जिला कार्यक्रम पदाधिकारी की ओर से विद्यालयों को प्रशिक्षण कार्यक्रम की नियमित निगरानी सुनिश्चित करने को कहा गया है। स्कूल स्तर पर प्रशिक्षण की गतिविधियों और प्रगति पर नजर रखने की जिम्मेदारी विद्यालय प्रबंधन की होगी।

15 दिसंबर तक जमा करना होगा रिकॉर्ड

प्रशिक्षण पूरा होने के बाद संबंधित विद्यालयों को कार्यक्रम से जुड़ा प्रतिवेदन जिला कार्यालय में जमा करना होगा। इसके साथ उपयोगिता प्रमाण-पत्र (SOE) और प्रशिक्षण से संबंधित दो तस्वीरें भी उपलब्ध करानी होंगी।

सभी आवश्यक दस्तावेज और प्रतिवेदन 15 दिसंबर तक जमा करने का निर्देश दिया गया है। जिला प्रशासन ने विद्यालय प्रबंधन समितियों और प्रधानाध्यापकों से कार्यक्रम के सफल संचालन में सक्रिय सहयोग करने की अपील की है।

Read more

Local News