रांचीः भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम 5 से 14 जुलाई 2026 तक होने वाले यूनाइटेड किंगडम एक्सपोजर दौरे के लिए बेंगलुरु के केम्पेगौड़ा अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डा से रवाना हो गई.
24 सदस्यीय भारतीय टीम में झारखंड की चार खिलाड़ियों का चयन राज्य के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है. आगामी जूनियर एशिया कप और अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगितियों की तैयारियों के मद्देनजर आयोजित इस दौरे में खिलाड़ियों को यूरोप की मजबूत टीमों के खिलाफ खेलने का अवसर मिलेगा.
- भारतीय टीम नए मुख्य कोच टिम व्हाइट के नेतृत्व में स्कॉटलैंड और इंग्लैंड में कुल सात मुकाबले खेलेगी. दौरे की शुरुआत स्कॉटलैंड की सीनियर महिला टीम के खिलाफ दो मैचों से होगी, जिनका आयोजन यूनिवर्सिटी ऑफ एडिनबर्ग में किया जाएगा. इसके बाद भारतीय टीम इंग्लैंड के लिलेशल नेशनल स्पोर्ट्स सेंटर में संयुक्त राज्य अमेरिका, इंग्लैंड और बेल्जियम की जूनियर टीमों के खिलाफ मुकाबला करेगी. इन मैचों के जरिए टीम अंतरराष्ट्रीय स्तर की परिस्थितियों में अपनी रणनीति और प्रदर्शन को और बेहतर बनाने का प्रयास करेगी.
- झारखंड लंबे समय से भारतीय महिला हॉकी को प्रतिभाशाली खिलाड़ी देता रहा है. राज्य की बेटियां राष्ट्रीय टीम में लगातार अपनी जगह बना रही हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर रही हैं. इस बार भी झारखंड की चार खिलाड़ियों का भारतीय जूनियर महिला टीम में चयन राज्य के हॉकी ढांचे और खिलाड़ियों की मेहनत का परिणाम माना जा रहा है.
- इस टीम में शामिल खिलाड़ियों में निशा मिंज भी हैं, जो सिमडेगा जिला के केरसई प्रखंड के किंकेल गांव की रहने वाली हैं और फॉरवर्ड पोजिशन पर खेलती हैं. सीमित संसाधनों और आर्थिक चुनौतियों के बीच उन्होंने अपनी मेहनत के दम पर भारतीय टीम में जगह बनाई है. उनके पिता का निधन हो चुका है, जबकि उनकी मां हाट-बाजारों से दाल की खरीद-बिक्री कर परिवार का पालन-पोषण करती हैं. कठिन परिस्थितियों के बावजूद निशा ने अपने खेल पर लगातार ध्यान केंद्रित रखा और आज अंतरराष्ट्रीय दौरे के लिए भारतीय टीम का हिस्सा बनी हैं.
- हॉकी झारखंड ने भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम और विशेष रूप से राज्य की चारों खिलाड़ियों को इस महत्वपूर्ण दौरे के लिए शुभकामनाएं दी हैं. संगठन ने विश्वास जताया है कि झारखंड की खिलाड़ी अपने शानदार प्रदर्शन से देश का नाम रोशन करेंगी और आगामी जूनियर एशिया कप सहित अन्य अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए टीम की तैयारियों को मजबूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगी.
हॉकी झारखंड के महासचिव विजय शंकर सिंह ने कहा कि भारतीय जूनियर महिला हॉकी टीम में झारखंड की चार खिलाड़ियों का चयन पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है. यह हमारे खिलाड़ियों की मेहनत, प्रशिक्षकों के समर्पण और राज्य में विकसित हो रही हॉकी संस्कृति का परिणाम है. हमें विश्वास है कि सभी खिलाड़ी यूनाइटेड किंगडम दौरे में शानदार प्रदर्शन कर देश और झारखंड का नाम रोशन करेंगी.


