प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार के नेतृत्व में पार्टी के एक शिष्टमंडल दल ने राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपा। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह घटना न सिर्फ समाज को झकझोरने वाली है बल्कि यह सरकार की संवेदनहीनता और प्रशासनिक लापरवाही को भी उजागर करती है।
पटना। मुजफ्फरपुर के कुढ़नी में नाबालिग से दुष्कर्म एवं हत्याकांड के खिलाफ कांग्रेस जदयू-भाजपा के खिलाफ लगातार आक्रमक है। इसी कड़ी में बुधवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश कुमार के नेतृत्व में पार्टी के एक शिष्टमंडल दल ने राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से मुलाकात की और उन्हें ज्ञापन सौंपा।
राज्यपाल को हस्तक्षेप करना चाहिए
पार्टी नेताओं ने इस दौरान मांग की कि राज्यपाल को इस मामले में तत्काल हस्तक्षेप करना चाहिए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यह घटना न सिर्फ समाज को झकझोरने वाली है बल्कि यह सरकार की संवेदनहीनता और प्रशासनिक लापरवाही को भी उजागर करती है।
नेमप्लेट पर कालिख पोत अपना विरोध जताया
राज्यपाल से मिलने के बाद कांग्रेस नेताओं का एक जत्था स्वास्थ्य मंत्री के आवास भी पहुंचा, जहां नेताओं ने मंत्री के खिलाफ प्रदर्शन किया और घर के बाहर लगी नेमप्लेट पर कालिख पोत अपना विरोध जताया। इससे पहले कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मुलाकात के दौरान पूरे मामले पर बिहार विधानसभा का विशेष सत्र बुलाकर चर्चा किए जाने की मांग राजपाल से की।
राज्यपाल से कहा, आप राज्य के अभिभावक हैं
कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने यह भी कहा है इस पूरे मामले में जांच कराया जाए और और पीएमसीएच और एसकेएमसीएच के डॉक्टर और पदाधिकारी को चिह्नित कर कठोर कार्रवाई होनी चाहिए। कांग्रेस ने राज्यपाल को दिए ज्ञापन में कहा है कि आप राज्य के अभिभावक हैं, बाबा साहेब के संविधान ने आपको संविधान के अनुच्छेद 175 में अधिकार दिया है।
घंटों तक अस्पताल में भर्ती न करने का आरोप
घटना पर तत्काल हस्तक्षेप होना चाहिए। बिहार की अनुसूचित जाति की बेटी को घंटों तक अस्पताल में भर्ती न कर के उसकी संस्थागत हत्या की गई है। आपसे अनुरोध है कि संबंधित लोगों पर गैर इरादतन हत्या का मुक़दमा दर्ज कर दंडित कीजिए।
प्रदेश अध्यक्ष कांग्रेस राजेश कुमार ने कहा कि राजपाल ने पूरे मामले को बहुत ध्यान से सुना है और कहा है कि इस पूरे मामले में वह राज्य सरकार से बातचीत करेंगे। प्रतिनिधि मंडल में वरिष्ठ नेता प्रेमचंद मिश्रा, मदन मोहन झा, राजेश राठौड़ के साथ दूसरे कई नेता शामिल रहे। राजभवन से लौटने के बाद कांग्रेस नेता अब स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय के आवास का घेराव करने जा रहे हैं।



.jpg)
