मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने नवीन किशोर सिन्हा पथ (मंदिरी नाला-सड़क परियोजना) का उद्घाटन किया। यह फोरलेन सड़क 31 मार्च, 2027 तक जेपी गंगा पथ से जुड़ेगी, जिससे पटना में आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र का विकास होगा।
पटना। राजधानी की बहुप्रतीक्षित मंदिरी नाला-सड़क परियोजना (नवीन किशोर सिन्हा पथ) के लोकार्पण के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा कि आज पूर्व विधायक स्वर्गीय नवीन किशोर सिन्हा की जयंती है। यह हमारे लिए गौरव का क्षण है कि नवीन किशोर सिन्हा पथ का उद्घाटन हुआ है।
उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र से मेरा व्यक्तिगत लगाव रहा है। मंदिरी नाला खुला रहने के कारण अव्यवस्थित और प्रदूषित था। इससे क्षेत्र के लोगों को काफी परेशानी होती थी। अब मंदिरी नाला पर फोरलेन पथ का निर्माण कराया गया है, जिससे यह क्षेत्र काफी सुंदर दिखने लगा है और लोगों को आवागमन में सहूलियत
उन्होंने यह भी कहा कि इस फोरलेन सड़क को जेपी गंगा पथ (मरीन ड्राइव) से 31 मार्च, 2027 तक जोड़ने का निर्देश दिया गया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पूरा इलाका जाम की समस्या से प्रभावित है। इनकम टैक्स चौराहा से लेकर गांधी मैदान तक लोगों को आने-जाने में काफी दिक्कत होती थी। यह पथ एक वैकल्पिक मार्ग के रूप में काम करेगा और पूरे क्षेत्र की संरचना बदल देगा। इस इलाके के लोग तो परेशानी झेलते ही थे
सीएम ने कहा कि इस पथ के निर्माण से यह इलाका अब रिहायशी क्षेत्र से व्यावसायिक क्षेत्र में तब्दील होने जा रहा है। यहां बड़े-बड़े माल और शोरूम खुलेंगे। उन्होंने कहा कि इस पथ के निर्माण के लिए पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन को विशेष धन्यवाद देता हूं। नितिन नवीन इस क्षेत्र के विधायक रहे हैं और यहां के लोगों से उनका गहरा जुड़ाव रहा है।
उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के समक्ष इस विजन को रखा था, जिसे जमीन पर उतारा गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि जब वह नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री थे, तब तत्कालीन मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने नालों पर सड़क निर्माण कराने का निर्देश दिया था।
मुख्यमंत्री ने कहा कि शहरों को व्यवस्थित करने और उनके विकास के लिए कई योजनाएं बनाई गई हैं। पटना के विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। गंगा नदी के दोनों किनारों पर शहर का विस्तार किया जाएगा। 66 हजार एकड़ में पाटलिपुत्र नाम से नया टाउनशिप विकसित किया जाएगा। वहीं, गंगा नदी के उस पार सोनपुर में हरिहरनाथ नाम से नया टाउनशिप विकसित किया जाएगा।
डेढ़ महीने में वाटर मेट्रो सेवा शुरू होगी
मुख्यमंत्री ने कहा कि गंगा नदी में डेढ़ महीने के भीतर वाटर मेट्रो सेवा शुरू की जाएगी। पटना में कई नालों पर पथों का निर्माण कराया जा रहा है, ताकि लोगों को आवागमन में सुविधा हो। साथ ही नालों की साफ-सफाई बेहतर ढंग से सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया है, ताकि जलजमाव की समस्या न हो। पटना मेट्रो रेल परियोजना को तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि अगले वर्ष स्व. नवीन किशोर सिन्हा की जयंती तक यहां उनकी प्रतिमा स्थापित की जाए। मुख्यमंत्री ने बिहार को विकसित राज्य बनाने के लिए सभी से मिलकर काम करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दीदारगंज (पटना) से कच्ची दरगाह-राघोपुर-बिदुपुर (हाजीपुर) पुल का उद्घाटन एक माह के भीतर किया जाएगा, जिससे उत्तर बिहार के लिए नया संपर्क मार्ग उपलब्ध होगा।
उन्होंने कहा कि रेलवे नेटवर्क का विस्तार हो रहा है और एयर ट्रैफिक व्यवस्था को भी बेहतर बनाया जा रहा है। सोनपुर और बिहटा में नए एयरपोर्ट विकसित किए जा रहे हैं, जबकि पटना एयरपोर्ट का भी विस्तार और आधुनिकीकरण किया जाएगा।
इसके लिए भारत सरकार के सचिव की अध्यक्षता में एक उच्चस्तरीय समिति गठित की गई है, ताकि पटना एयरपोर्ट पर सुरक्षित लैंडिंग सुनिश्चित की जा सके। कार्यक्रम में नवीन किशोर सिन्हा पथ (मंदिरी नाला पथ) के निर्माण से संबंधित एक लघु फिल्म भी प्रदर्शित की गई।
मंदिरी नाले पर 1289 मीटर लंबी सड़क बनाई गई
पटना स्मार्ट सिटी लिमिटेड की देखरेख 115.08 करोड़ रुपये की लागत से मंदिरी नाले पर 1289 मीटर लंबी सड़क बनाई गई है। नाले का जीर्णोद्धार कर इसे ढंका गया है। नेहरू पथ (बेली रोड) पर आयकर चौराहा से दानापुर–बांकीपुर पथ स्थित बांस घाट तक संपर्कता होने से आवागमन में सहूलियत होगी। इस पथ में आधुनिक ड्रेनेज प्रणाली, बेहतर प्रकाश व्यवस्था एवं सुगम आवागमन की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।


