Monday, June 29, 2026

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना मेट्रो परियोजना की उच्चस्तरीय समीक्षा की और अधिकारियों को निर्धारित समय पर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।

Share

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने पटना मेट्रो परियोजना की उच्चस्तरीय समीक्षा की और अधिकारियों को निर्धारित समय पर कार्य पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने घोषणा की कि 2 जुलाई 2026 को मलाहीपकड़ी तक मेट्रो विस्तार का लोकार्पण होगा

पटना। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने सोमवार को पटना मेट्रो रेल परियोजना की प्रगति की उच्चस्तरीय समीक्षा की।

उन्होंने अधिकारियों को कहा क‍ि परियोजना के सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे करें। चेतावनी दी क‍ि निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता स्वीकार नहीं किया जाएगा।

नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार और पटना मेट्रो रेल परियोजना से जुड़े अधिकारियों ने न्यू आईएसबीटी से आकाशवाणी तक कॉरिडोर-1 तथा न्यू आईएसबीटी से मीठापुर तक के कार्यों की जानकारी दी।

2 जुलाई को मलाहीपकड़ी तक होगा विस्तार का लोकार्पण

मुख्यमंत्री ने बताया कि 2 जुलाई 2026 को मलाहीपकड़ी तक पटना मेट्रो परियोजना के विस्तारीकरण का लोकार्पण किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि इस विस्तार से राजधानीवासियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी और यात्रा में लगने वाला समय भी कम होगा।

उन्होंने कहा कि पटना मेट्रो राजधानी की परिवहन व्यवस्था को आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक बनाने वाली महत्वपूर्ण परियोजना है।

इसलिए परियोजना के प्रत्येक चरण के लिए स्पष्ट कार्ययोजना और समयसीमा तय कर समय पर काम पूरा किया जाए।

ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए तैयार हो समग्र योजना

मुख्यमंत्री ने निर्माण कार्य के दौरान आम लोगों को कम से कम परेशानी हो, इसके लिए प्रभावी और वैज्ञानिक ट्रैफिक प्रबंधन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।

उन्होंने पूरे पटना शहर की यातायात व्यवस्था का व्यापक अध्ययन कर जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए समग्र ट्रैफिक मैनेजमेंट प्लान तैयार करने को कहा।

साथ ही निर्माण स्थलों पर सभी सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने का भी निर्देश दिया।

एक साथ कई स्थानों पर तेज हो निर्माण कार्य

सम्राट चौधरी ने अधिकारियों से कहा कि परियोजना के विभिन्न हिस्सों में एक साथ तेजी से निर्माण कार्य कराएं, ताकि पूरी परियोजना निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरी हो सके।  

मुख्यमंत्री ने कहा कि पटना मेट्रो शुरू होने से राजधानीवासियों को तेज, सुरक्षित और विश्वस्तरीय सार्वजनिक परिवहन सुविधा मिलेगी। इससे सड़क पर वाहनों का दबाव कम होगा, प्रदूषण में कमी आएगी और सफर अधिक सुगम होगा।

सैटेलाइट टाउनशिप का मास्टर प्लान भी समय पर तैयार करें 

बैठक में मुख्यमंत्री ने पटना के प्रस्तावित सैटेलाइट टाउनशिप के मास्टर प्लान को भी निर्धारित समयसीमा के भीतर तैयार करने का निर्देश दिया।

उन्होंने कहा कि राजधानी के सुनियोजित विस्तार और भविष्य की जरूरतों को देखते हुए सैटेलाइट टाउनशिप का विकास समयबद्ध और व्यवस्थित तरीके से किया जाना आवश्यक है।

समीक्षा बैठक में नगर विकास एवं आवास मंत्री नीतीश मिश्रा, मुख्य सचिव प्रत्यय अमृत, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, नगर विकास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार, पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन लिमिटेड के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार आर. पुडुकलकट्टी, भवन निर्माण विभाग के सचिव प्रणव कुमार, पटना के जिलाधिकारी कुंदन कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के. शर्मा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

CM 3

Table of contents [hide]

Read more

Local News