आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की टी20 सीरीज गंवाने के बाद टीम इंडिया (Team India) की मुश्किलें और ज्यादा बढ़ने वाली है. आयरलैंड की टफ पिच ने ये साफ कर दिया है कि आने वाली सीरीज भारतीय बल्लेबाजों के लिए और ज्यादा कठिन होने वाली है. क्योंकि श्रेयस अय्यर की टीम अब इंग्लैंड में पांच मैचों की टी20 सीरीज खेलने वाली है, जहां की पिच तेज गेंदबाजों के लिए सबसे ज्यादा अनुकूल मानी जाती है.
ये बड़ी और अहम सीरीज 1 जुलाई से 11 जुलाई तक खेली जाएगी. सीरीज का पहला मैच 1 जुलाई को डरहम खेला जाएगा. उसके बाद दूसरा मैच ओल्ड ट्रैफर्ड में 4 जुलाई, तीसरा मैच नॉटिंघम के ट्रेंट ब्रिज में 7 जुलाई, चौथा मैच ब्रिस्टल के सीट यूनिक स्टेडियम में 9 जुलाई और पांचवां मैच साउथेम्प्टन के रोज बाउल में 11 जुलाई को खेला जाएगा.
मैच का समय क्या होगा?
इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड ने टी20 सीरीज के उन मुकाबलों का समय एक घंटा पहले कर दिया है, जो भारतीय समय के अनुसार आधी रात में खेले जाने थे. यानी जो मैच रात में 11 बजे होने थे वो अब रात 10 बजे ही शुरू हो जाएंगे, ताकि भारतीय फैंस भी टीवी पर मैच का आनंद ले सकें. बता दें कि सीरीज का पहला, तीसरा और चौथा टी20 मैच भारतीय समय के अनुसार रात 10 बजे शुरू होंगे जबकि दूसरा और पांचवां मैच शाम 7:00 बजे खेला जाएगा.
इस सीरीज को भारतीय फैंस सोनी के स्पोर्ट्स चैनल पर देख सकते हैं, जबकि मैच की लाइव स्ट्रीमिंग सोनी लिव ऐप और वेबसाइट पर उपलब्ध होगी.
क्या वैभव को डेब्यू का मिलेगा मौका?
आयरलैंड के खिलाफ दो मैचों की T20I सीरीज में वैभव सूर्यवंशी बेंच पर ही बैठे रहे. जिसकी वजह से भारतीय क्रिकेट प्रशंसक इस बात से खुश नहीं थे. अगर 15 वर्षीय सूर्यवंशी को डेब्यू करने का मौका मिलता तो वो डेब्यू करने वाले सबसे युवा भारतीय क्रिकेटर बन सकते थे और सचिन तेंदुलकर का रिकॉर्ड तोड़ सकते थे, जिन्होंने 1989 में 16 साल और 205 दिन की उम्र में टेस्ट डेब्यू किया था. सूर्यवंशी के बजाय, श्रेयस अय्यर की टीम इंडिया ने सूर्यांश शेडगे और प्रिंस यादव जैसे खिलाड़ियों को डेब्यू का मौका दिया. सीरीज खत्म होने के बाद टीम इंडिया के असिस्टेंट कोच रयान टेन डेस्कॉथे ने मीडिया से बात की और बताया कि सूर्यवंशी इंटरनेशनल क्रिकेट के लिए तैयार हैं.
मैच के बाद हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने कहा, ‘वह (सूर्यवंशी) इंटरनेशनल क्रिकेट खेलने के लिए पूरी तरह तैयार हैं, इसमें कोई शक नहीं है, लेकिन संजू सैमसन भी एक ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने तीन महीने पहले हमें वर्ल्ड कप जिताने में अहम भूमिका निभाई थी. उसका IPL का सीजन काफी अच्छा रहा है. खिलाड़ियों को भरोसा दिलाना और यह संदेश देना जरूरी है कि हम उन्हें टीम में लंबे समय तक मौका देना चाहते हैं. हम सभी वैभव को खेलते हुए देखने के लिए उत्साहित हैं, लेकिन उसे भी उसी प्रक्रिया से गुजरना होगा. हालांकि, इसमें कोई शक नहीं कि वह कितना बेहतरीन खिलाड़ी है.’
टीम इंडिया का टी20 स्क्वाड
श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, संजू सैमसन (विकेटकीपर), ईशान किशन (विकेटकीपर), शिवम दुबे, तिलक वर्मा (उप-कप्तान), शुर्यांश शेडगे, अक्षर पटेल, वाशिंगटन सुंदर, रवि बिश्नोई, हर्षित राणा, अर्शदीप सिंह, प्रिंस यादव, वैभव सूर्यवंशी, प्रसिद्ध कृष्णा.
इंग्लैंड का टी20 स्क्वाड
हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, सोनी बेकर, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जोस बटलर, फिल सॉल्ट, जेम्स कोल्स, जॉर्डन कॉक्स, सैम कुरेन, लियाम डॉसन, विल जैक्स, साकिब महमूद, आदिल राशिद, जोश टोंग और ल्यूक वुड.


