नालंदा: बिहार के CM आज एक दिवसीय दौरे पर नालंदा जिले के विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों का भ्रमण करेंगे. इस दौरान वे विकास योजनाओं के शिलान्यास और उद्घाटन के साथ-साथ चुनावी सभाओं का शुभारंभ करेंगे. सबसे पहले सुबह 10:30 बजे उन्होंने हिलसा के राम बाबू हाई स्कूल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में हिस्सा लिया.
एकंगरसराय से इस्लामपुर तक रोड शो: हिलसा के बाद मुख्यमंत्री का काफिला एकंगरसराय से रोड शो के जरिए इस्लामपुर के पशु हाट पहुंचा, जहां उन्होंने एक सभा को संबोधित किया. इस क्षेत्र में ग्रामीण विकास मंत्री श्रवण कुमार, जो सात बार के विधायक हैं, उनकी साख बचाने के लिए यह सभा महत्वपूर्ण मानी जा रही है. यह मुख्यमंत्री की पहली चुनावी सभा है, जो विधानसभा चुनाव की तारीखों की घोषणा से पहले आयोजित की जा रही है.

नालंदा के नीरपुर में विशेष आयोजन: इस्लामपुर के बाद मुख्यमंत्री नालंदा के नीरपुर स्थित नव नालंदा हाई स्कूल में विशेष कार्यक्रम में शामिल हुए. मौसम को ध्यान में रखते हुए यहां जर्मन हैंगर से विशेष पंडाल तैयार किया गया था. स्थानीय लोगों में इस दौरे को लेकर काफी उत्साह देखा गया.
खेल अकादमी में खिलाड़ियों को सम्मान: राजगीर में आयोजित एक विशेष समारोह में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार बिहार के 87 उत्कृष्ट खिलाड़ियों को सरकारी नौकरी के चयन पत्र सौंपेंगे. इसके साथ ही 813 खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल अधिकारियों के बीच 7 करोड़ 99 लाख 80 हजार 893 रुपये की खेल सम्मान राशि वितरित की जाएगी. यह जानकारी बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के महानिदेशक रविंद्रण शंकरण ने दी है.
“मेडल लाओ, नौकरी पाओ” योजना: बिहार सरकार की “मेडल लाओ, नौकरी पाओ” योजना के तहत राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीतने वाले 87 खिलाड़ियों को नौकरी दी जाएगी. इनमें 39 महिलाएं और 48 पुरुष शामिल हैं. चयनित खिलाड़ियों में 10 को पुलिस अवर निरीक्षक (4200/- पे ग्रेड), एक को बाल कल्याण पदाधिकारी (5400/- पे ग्रेड), 65 को निम्नवर्गीय लिपिक (1900-2000/- पे ग्रेड) और 11 को कार्यालय परिचारी के रूप में नियुक्ति पत्र दिया जाएगा.
खेल सम्मान राशि का वितरण: इस समारोह में 44 खेल विधाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले 783 खिलाड़ियों (297 महिलाएं और 486 पुरुष), 152 पैरा खिलाड़ियों, 24 प्रशिक्षकों, 5 खेल संघों और एक खेल अधिकारी को सम्मान राशि दी जाएगी. वर्ष 2022 से 2025 तक बिहार सरकार ने 2085 खिलाड़ियों को लगभग 23.5 करोड़ रुपये की खेल सम्मान राशि वितरित की है. यह पहल बिहार में खेल को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है.
राजगीर में क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन: दोपहर 3 बजे मुख्यमंत्री राजगीर पहुंचकर वहां नवनिर्मित क्रिकेट स्टेडियम का उद्घाटन करेंगे. इसके बाद 3:30 बजे राजगीर गेस्ट हाउस में जीविका दीदियों, पेंशन लाभार्थियों और सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों से संवाद करेंगे. साथ ही, प्रगति यात्रा के तहत घोषित योजनाओं का शिलान्यास भी करेंगे. इसके बाद वे पटना के लिए रवाना हो जाएंगे.


