Saturday, May 2, 2026

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना में एसोसिएशन ऑफ फिजिशियंस ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित चार दिवसीय ‘एपिकान-2026’ का उद्घाटन किया।

Share

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना में एसोसिएशन ऑफ फिजिशियंस ऑफ इंडिया (एपीआई) द्वारा आयोजित चार दिवसीय ‘एपिकान-2026’ का उद्घाटन किया। इस सम्मेलन में दवा, आधुनिक उपचार पद्धतियों, जीवनशैली जनित रोगों और नवीन चिकित्सा शोधों पर गहन चर्चा हुई। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे आयोजन चिकित्सा क्षेत्र को नई दिशा देते हैं और बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में सहायक होते हैं।

पटना। दवा, आधुनिक उपचार पद्धतियों, जीवनशैली जनित रोगों और नवीन चिकित्सा शोधों पर गहन विमर्श के उद्देश्य से एसोसिएशन आफ फिजिशियंस आफ इंडिया (एपीआई) के तत्वावधान में आयोजित एपिकान-2026 का शुभारंभ गुरुवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री को आयोजकों की ओर से प्रतीक चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया। साथ ही वरिष्ठ चिकित्सकों द्वारा लिखित विभिन्न पुस्तकों का विमोचन भी किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि ऐसे वैज्ञानिक और अकादमिक सम्मेलन चिकित्सा क्षेत्र को नई दिशा देते हैं और आम लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में सहायक होते हैं।

उद्घाटन समारोह में उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन सह संसदीय कार्य मंत्री विजय कुमार चौधरी, मुख्यमंत्री के प्रधान सचिव दीपक कुमार, सचिव कुमार रवि, सचिव डा. चन्द्रशेखर सिंह, वरीय पुलिस अधीक्षक कार्तिकेय के शर्मा सहित कई वरीय अधिकारी और देशभर से आए चिकित्सक उपस्थित रहे।

दवाओं, जीवनशैली और आधुनिक उपचार पर चर्चा

चार दिवसीय सम्मेलन के पहले दिन दवाओं के नवीन विकास, विभिन्न रोगों के आधुनिक उपचार, जीवनशैली जनित बीमारियों, तनाव प्रबंधन, योग और चिकित्सा शोधों पर विस्तृत चर्चा हुई। हृदय रोग, न्यूरोलाजी, डर्मेटोलाजी, एंडोक्राइनोलाजी और आंतरिक चिकित्सा के अन्य क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने अपने अनुभव और शोध साझा किए।

इससे पूर्व गुरुवार सुबह ज्ञान भवन में तकनीकी सत्रों का शुभारंभ किया गया। इन सत्रों का उद्घाटन मुख्य अतिथि डा. रोहिणी हांडा, सम्मेलन संयोजक डा. (प्रो.) कमलेश तिवारी, डा. कामेश्वर प्रसाद और डा. (प्रो.) बी.बी. ठाकुर ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्ज्वलित कर किया। पहले दिन ज्ञान भवन में सीएमई के करीब 70 सत्र आयोजित किए गए, इनमें देशभर से आए 250 से अधिक चिकित्सकों ने व्याख्यान दिए और नवीनतम शोधों की जानकारी दी।

पीएमसीएच में वर्कशाप में डा. दीपक तलवार, डा. एनके सिंह, डा. (प्रो.) मनमोहन मेहनदीरत्ता और डा. रंजन कुमार ने विद्यार्थियों को व्यावहारिक और सैद्धांतिक ज्ञान प्रदान किया। डा. मनमोहन मेहनदीरत्ता ने तनाव, मानसिक स्वास्थ्य, योग और स्ट्रोक के आधुनिक उपचार पर प्रकाश डालते हुए संतुलित जीवनशैली को जरूरी बताया। वहीं डा. रंजन कुमार ने ईसीजी और ईको कार्डियोलाजी की बारीकियों को लाइव डेमोंस्ट्रेशन के माध्यम से समझाया।

Read more

Local News