Thursday, August 13, 2026

मारवाड़ी कॉलेज के 11 फैशन डिजाइनिंग छात्रों को FD ट्रेनर के रूप में मिली नौकरी.

Share

रांची: मारवाड़ी कॉलेज के प्लेसमेंट सेल की ओर से आयोजित एक दिवसीय कैंपस प्लेसमेंट ड्राइव में फैशन डिजाइनिंग विभाग के 11 विद्यार्थियों का FD ट्रेनर पद के लिए चयन हुआ है। चयनित विद्यार्थियों को झारखंड स्किल डेवलपमेंट मिशन सोसाइटी के मुख्यमंत्री सारथी योजना के तहत संचालित नि:शुल्क प्रशिक्षण केंद्रों में प्रशिक्षण देने की जिम्मेदारी मिलेगी।

चयनित विद्यार्थियों को मांडर, रांची, तेनुघाट, बेरमो, बोकारो, इचाक और हजारीबाग के प्रशिक्षण केंद्रों में काम करने का अवसर मिलेगा। कैंपस ड्राइव के दौरान उम्मीदवारों की शैक्षणिक योग्यता के साथ विषय की समझ, तकनीकी दक्षता और प्रशिक्षण देने की क्षमता का आकलन किया गया। चयन प्रक्रिया के विभिन्न चरणों को सफलतापूर्वक पूरा करने के बाद 11 विद्यार्थियों का अंतिम चयन किया गया।

इन विद्यार्थियों का हुआ चयन

FD ट्रेनर पद के लिए कशिश कुमारी, सोनल राज, प्रेरणा वैभव, मोहम्मद कैफ, पूजा कुमारी, अदिति प्रकाश, सिमरन साहू, प्रीति कुमारी, प्रियंका कुमारी, देविका रानी और तन्वी राज का चयन हुआ है।

कॉलेज के प्राचार्य ने सभी चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि शिक्षा के साथ व्यावहारिक कौशल और रोजगार के अवसर भी विद्यार्थियों के विकास में अहम भूमिका निभाते हैं। उन्होंने छात्रों को निरंतर सीखने और अपने कौशल को बेहतर बनाने के लिए प्रेरित किया।

प्लेसमेंट सेल की भूमिका की सराहना

फैशन डिजाइनिंग विभाग की एचओडी डॉ. डेजी सिन्हा और किरण मैम ने भी विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धि पर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने बताया कि कॉलेज का प्लेसमेंट सेल छात्रों को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रशिक्षण और कौशल विकास कार्यक्रम आयोजित कर रहा है।

इन कार्यक्रमों के जरिए विद्यार्थियों को विभिन्न क्षेत्रों में काम करने के लिए जरूरी व्यावहारिक ज्ञान और कौशल प्रदान किया जा रहा है। कॉलेज के अनुसार प्लेसमेंट सेल शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु के रूप में काम कर रहा है।

Read more

Local News