Madhubani News, 4 नवंबर 2026: बिहार के मधुबनी जिले में एएसआई की फायरिंग से ग्रामीण अशोक यादव की मौत के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। घटना को लेकर ग्रामीणों में आक्रोश है, वहीं राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। अब नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार को अल्टीमेटम देते हुए आरोपी एएसआई चंद्रमोहन सिंह की गिरफ्तारी की मांग की है।
5 नवंबर को मधुबनी पहुंचेंगे तेजस्वी यादव
तेजस्वी यादव फिलहाल आंध्र प्रदेश में हैं। उन्होंने वीडियो जारी कर कहा कि वह 5 नवंबर को मधुबनी पहुंचेंगे। वहां घटनास्थल का जायजा लेने के साथ पीड़ित परिवार से मुलाकात करेंगे और पूरे मामले की जानकारी लेंगे।
तेजस्वी ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि उनके मधुबनी पहुंचने से पहले एएसआई की गिरफ्तारी हो जानी चाहिए। ऐसा नहीं होने पर बड़े स्तर पर आंदोलन किया जाएगा।
एएसआई की फायरिंग में एक की मौत, तीन घायल
मधुबनी जिले के बाबूबरही प्रखंड स्थित बलिराजगढ़ में एएसआई चंद्रमोहन सिंह ने अपनी पिस्टल से फायरिंग की थी। इस दौरान गोली गांव के निवासी अशोक यादव को लगी, जिससे उनकी मौत हो गई। घटना में तीन अन्य लोग भी घायल हुए।
गोलीबारी के बाद इलाके में तनाव और ग्रामीणों में आक्रोश की स्थिति बन गई। प्रशासनिक अधिकारियों ने कहा है कि मामले में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और दोषी के खिलाफ कानून के तहत कठोर कार्रवाई होगी।
पुलिस ने ASI को किया निलंबित, हत्या का केस दर्ज
घटना के बाद पुलिस विभाग ने आरोपी एएसआई चंद्रमोहन सिंह को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। उनके खिलाफ बाबूबरही थाने में हत्या का मामला भी दर्ज किया गया है।
पुलिस के मुताबिक, फरार एएसआई की गिरफ्तारी के लिए पांच विशेष टीमों का गठन किया गया है। ये टीमें अलग-अलग इलाकों में छापेमारी कर रही हैं। आरोपी की गिरफ्तारी में मददगार सटीक सूचना देने वाले व्यक्ति को 25 हजार रुपये का नकद इनाम देने की घोषणा भी की गई है।
सरकार और पुलिस के खिलाफ आंदोलन की चेतावनी
तेजस्वी यादव ने अपने बयान में साफ किया है कि इस मामले में सरकार और पुलिस के खिलाफ उनकी लड़ाई जारी रहेगी। उन्होंने आरोपी एएसआई की गिरफ्तारी को लेकर समयसीमा तय करते हुए चेतावनी दी है कि मांग पूरी नहीं होने पर आंदोलन किया जाएगा।
अब सबकी नजरें 5 नवंबर को तेजस्वी यादव के मधुबनी दौरे और उससे पहले पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं।
BHARATSUPERFASTNEWS
