Jharkhand News, 4 नवंबर 2026: दीपावली और छठ महापर्व के दौरान अगलगी और अन्य दुर्घटनाओं की आशंका को देखते हुए झारखंड पुलिस मुख्यालय ने सुरक्षा अलर्ट जारी किया है। पटाखों की बिक्री, भंडारण और आतिशबाजी पर पुलिस व प्रशासन की विशेष नजर रहेगी। पुलिस मुख्यालय की विशेष शाखा ने सभी जिलों के उपायुक्तों (DC) और पुलिस अधीक्षकों (SP) को सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने का निर्देश दिया है।
पटाखा दुकानों के लाइसेंस और स्टॉक की होगी जांच
पुलिस मुख्यालय ने पटाखा दुकानदारों को लाइसेंस में निर्धारित शर्तों का पालन कराने का निर्देश दिया है। जिला पुलिस समय-समय पर दुकानों की जांच करेगी। इस दौरान पटाखों के स्टॉक, भंडारण से जुड़े दस्तावेज और सुरक्षा मानकों की पड़ताल की जाएगी।
बिना अनुमति पटाखों का भंडारण या बिक्री करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके अलावा अधिक ध्वनि वाले पटाखों की बिक्री पर रोक सुनिश्चित करने के लिए भी निगरानी रखी जाएगी।
रात 8 से 10 बजे तक ही पटाखे चलाने की अनुमति
पुलिस मुख्यालय के निर्देश के अनुसार, दीपावली पर पटाखे चलाने का निर्धारित समय रात 8 बजे से 10 बजे तक है। यह व्यवस्था सुप्रीम कोर्ट के आदेश और केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) की गाइडलाइन के अनुरूप बताई गई है।
सभी जिलों के अधिकारियों को निर्धारित समय सीमा का सख्ती से पालन कराने को कहा गया है।
छठ घाटों पर आतिशबाजी रोकने के लिए चलेगा जागरूकता अभियान
छठ महापर्व के दौरान घाटों पर पटाखे चलाने और आतिशबाजी करने पर रोक को लेकर भी प्रशासन जागरूकता अभियान चलाएगा। स्थानीय थानों और छठ पूजा समितियों के माध्यम से श्रद्धालुओं को पूजा और अर्घ्य के दौरान पटाखों से दूर रहने की अपील की जाएगी।
इसके लिए सार्वजनिक संदेश भी प्रसारित किए जाएंगे, ताकि घाटों पर सुरक्षित माहौल बना रहे।
संवेदनशील इलाकों में तैनात रहेगी फायर ब्रिगेड
अगलगी की घटनाओं से तत्काल निपटने के लिए संवेदनशील स्थानों पर अग्निशमन दस्ते को तैयार रखने का निर्देश दिया गया है। जिलों में अग्निशमन सेवा के अधिकारियों के साथ बैठक कर उपलब्ध संसाधनों और तैयारियों की समीक्षा की जाएगी।
पुलिस मुख्यालय ने कहा है कि त्योहारों के दौरान किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए अग्निशमन व्यवस्था सक्रिय रहनी चाहिए। सभी जिलों को पटाखों की बिक्री से लेकर आतिशबाजी तक लगातार निगरानी रखने और सुरक्षा निर्देशों का सख्ती से पालन कराने को कहा गया है।
BHARATSUPERFASTNEWS
