भारतीय शेयर बाजार के लिए शुक्रवार का दिन ‘ब्लैक फ्राइडे’ साबित हुआ. वैश्विक स्तर पर बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में आए उछाल ने दलाल स्ट्रीट पर निवेशकों के सेंटिमेंट को बुरी तरह झकझोर दिया. सप्ताह के आखिरी कारोबारी दिन बीएसई (BSE) सेंसेक्स 982.71 अंक (1.27%) की भारी गिरावट के साथ 76,681.29 पर बंद हुआ. वहीं, एनएसई (NSE) निफ्टी 275.10 अंक (1.14%) टूटकर 23,897.95 के स्तर पर आ गया.
इस बड़ी गिरावट के कारण महज एक दिन में निवेशकों की करीब 6 लाख करोड़ रुपये की संपत्ति खाक हो गई. बाजार में चौतरफा बिकवाली देखने को मिली, जिससे निफ्टी ने 24,000 के महत्वपूर्ण मनोवैज्ञानिक स्तर को भी तोड़ दिया. आईटी के अलावा फार्मा और मीडिया सेक्टर भी लाल निशान में बंद हुए. हालांकि, मेटल सेक्टर ने थोड़ी मजबूती दिखाने की कोशिश की, लेकिन वह भी बाजार को संभालने में नाकाम रहा. मिडकैप और स्मॉलकैप इंडेक्स में भी करीब 1% की गिरावट दर्ज की गई.
गिरावट के मुख्य कारण
कच्चे तेल की कीमतों में आग: बाजार में गिरावट की सबसे बड़ी वजह अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल (Brent Crude) की कीमतों का 107 डॉलर प्रति बैरल के पार निकलना रही. ‘स्ट्रेट ऑफ हॉर्मुज’ (Strait of Hormuz) में तेल की आपूर्ति बाधित होने और अमेरिका-ईरान के बीच बढ़ते तनाव ने संकट को और गहरा कर दिया है. भारत अपनी जरूरत का 80% तेल आयात करता है, ऐसे में तेल महंगा होने से महंगाई बढ़ने और चालू खाता घाटा (CAD) बिगड़ने का डर बढ़ गया है.
IT शेयरों में भारी बिकवाली: आज सबसे ज्यादा मार आईटी सेक्टर पर पड़ी. निफ्टी आईटी इंडेक्स लगभग 5% तक लुढ़क गया. इंफोसिस, टीसीएस (TCS) और टेक महिंद्रा जैसे दिग्गज शेयरों में भारी गिरावट देखी गई, जिससे पूरे बाजार का मूड बिगड़ गया.
रुपये की कमजोरी: डॉलर के मुकाबले भारतीय रुपया 94.25 के रिकॉर्ड निचले स्तर पर पहुंच गया, जिसने विदेशी निवेशकों (FIIs) की चिंता बढ़ा दी और उन्होंने बाजार से पैसा निकालना जारी रखा.
मार्केट एक्सपर्ट्स का क्या कहना है?
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, तकनीकी तौर पर निफ्टी के लिए अब 24,000 का स्तर एक बड़ी बाधा (Resistance) बन गया है. जब तक बाजार इसके ऊपर मजबूती से नहीं टिकता, तब तक रिकवरी मुश्किल है. यदि गिरावट जारी रहती है, तो निफ्टी 23,800 से 23,600 के स्तर तक जा सकता है. निवेशकों को फिलहाल वैश्विक संकेतों और मध्य पूर्व के हालातों पर नजर रखने की सलाह दी गई है.


