भारतीय क्रिकेट टीम ने न्यू चंडीगढ़ में खेले गए एकमात्र टेस्ट मैच में 564 रन बनाने के बाद अफगानिस्तान की पहली पारी को 152 रनों पर और दूसरी पारी को 112 रनों पर समेटकर एक पारी और 300 रनों से बड़ी जीत दर्ज कर ली है.
ये भारत की अब तक की सबसे बड़ी टेस्ट जीत है. इससे पहले, भारत की सबसे बड़ी टेस्ट जीत 2018 में वेस्टइंडीज के खिलाफ थी, जिसमें उन्होंने एक पारी और 272 रनों से जीत हासिल की थी. इस हिसाब से भारत ने सबसे बड़ी टेस्ट जीत का अपना ही आठ साल पुराना रिकॉर्ड तोड़ दिया है. इसके अलावा यह अफगानिस्तान के खिलाफ भी भारत की सबसे बड़ी जीत है.
भारत बनाम अफगानिस्तान टेस्ट मैच की हाइलाइट्स
मैच की बात करें तो भारत ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए अपनी पहली 8 विकेट पर 564 रन बनाने के बाद घोषित की. जिसमें गिल और राहुल ने शतक जबकि पंत, सुंदर और सुदर्शन ने अर्धशतकीय पारी खेली. वहीं अफगानिस्तान की तरफ से मोहम्मद सलीम साफी ने सबसे ज्यादा 6 विकेट लिए.

564 रनों के जवाब में अफगानिस्तान की पहली पारी 152 रनों पर सिमट गई. जिसमें रहमत शाह ने सबसे ज्यादा 60 रनों की पारी खेली. वहीं भारत की तरफ से मानव सुथार ने सबसे ज्यादा 6 विकेट लिए.
उसके बाद भारत ने अफगानिस्तान को फॉलोऑन करा दिया, लेकिन उनकी बल्लेबाजी फिर से फ्लॉप रही और मेहमान टीम की दूसरी पारी भी 112 रनों पर ही सिमट गई. जिसमें सिद्दीकुल्लाह अटल ने सबसे ज्यादा 42 रन बनाए. वहीं भारत की तरफ से इस पारी में वॉशिंगटन सुंदर ने सबसे ज्यादा 4 विकेट लिए, जबकि कुलदीप यादव को तीन विकेट मिले. मैच में मानव सुथार ने कुल 7 विकेट लिए, जिसकी वजह से उनको प्लेयर ऑफ द मैच का अवॉर्ड दिया गया.

भारत की पारी और रनों के अंतर से सबसे बड़ी जीत
- पारी और 300 रन बनाम अफगानिस्तान, मुल्लांपुर, 2026
- पारी और 272 रन बनाम वेस्टइंडीज, राजकोट, 2018
- पारी और 262 रन बनाम अफ़गानिस्तान, बेंगलुरु, 2018
रन के अंतर से भारत की सबसे बड़ी जीत
- 434 रन – बनाम इंग्लैंड, राजकोट (2024)
- 372 रन – बनाम न्यूजीलैंड, मुंबई (2021)
- 337 रन – बनाम दक्षिण अफ्रीका, दिल्ली (2015)
विकेटों के हिसाब से भारत की सबसे से बड़ी जीत
- 10 विकेट: बनाम ज़िम्बाब्वे, हरारे (2005)
- 10 विकेट: बनाम पाकिस्तान, मुल्तान (2004)


