भागलपुर में स्मार्ट मीटर लगाने का काम लोगों के विरोध के कारण बाधित हो रहा है। 1.70 लाख उपभोक्ताओं में से केवल 1.26 लाख मीटर ही लग पाए हैं। नाथनगर इलाके में काम बहुत धीमा है। विरोध के कारण कई इलाकों में मीटर नहीं लग पाए हैं। बिजली कंपनी लोगों को समझाने की कोशिश कर रही है लेकिन समस्या अभी भी बनी हुई है।
भागलपुर। स्मार्ट मीटर लगाने में बिजली कंपनी का पसीना छूट रहा है। लोगों के विरोध के कारण दो सालों से चल रहे दो स्मार्ट मीटर लगाने का अबतक पूरा नहीं हो सका है। अभी भी 44 हजार मीटर लगाने हैं। नाथनगर इलाके में मीटर लगाने का काम काफी धीमा है।
लोगों के विरोध के कारण स्मार्ट मीटर लगाने में बिजली कर्मियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विरोध के बीच भी शहर में स्मार्ट मीटर लगाने का काम चल रहा। लेकिन नाथनगर, चंपानगर में तो काम प्रगति काफी धीमा है।
विरोध के कारण कई इलाकों में नहीं लग पाया स्मार्टमीटर
विरोध के कारण ही मिरजानहाट, बरहपुरा, तातारपुर सहित शहर के कई अन्य इलाकों में भी स्मार्ट मीटर लगाने का काम पूरा नहीं हो सका है। कुछ घरों में लगाने के बाद इन इलाकों में मीटर लगाने का काम बंद है।
सात-आठ माह पहले बरहपुरा में मीटर लगाने पहुंचे बिजली कर्मियों को लोगों ने खदेड़ दिया था। कर्मियों के साथ मारपीट की गई थी।
बाद में जिला प्रशासन के मदद से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में मीटर लगाने का काम शुरू हुआ। करीब दो सौ घर व दुकानों मीटर लगाने का काम हुआ।
इसी तरह मिरजानहाट, मोजाहिदपुर, गुड़हट्टा, तिलकामांझी, भीखनपुर, इशाकचक इलाके में भी कर्मियों को विरोध का सामना करना पड़ा।
साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूटर कंपनी लिमिटेड, भागलपुर आपूर्ति क्षेत्र के रेवेन्यू आफिसर अभय कुमार का कहना है कि स्मार्ट मीटर लगाने का लोग विरोध करते हैं। लेकिन उन्हें समझा-बुझाया जाता है।
उन्होंने शुरुआती दौर में यह समस्या ज्यादा खड़ी हो रही थी। लेकिन अभी इस तरह की समस्या नहीं आ रही है। कई घर ऐसे हैं जिनके गृहस्वामी बाहर रहते हैं। घरों में ताला जड़ा हुआ है।
ऐसे घरों में स्मार्ट मीटर नहीं लगा है। नाथनगर इलाके में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य काफी धीमा है। तिलकामांझी सबडिवीजन के सभी इलाकों में मीटर लगाने का काम लगभग हो चुका है।
उन्होंने बताया कि अधिकांश सरकारी कार्यालयों में स्मार्ट मीटर लग चुका है। स्कूलों, कालेज और विश्वविद्यालय में भी स्मार्ट मीटर लगना है। मीटर नहीं लगवाने वाले उपभोक्ताओं का कनेक्शन काट दी जाएगी।\
जीनस प्राइवेट लिमिटेड के प्रोजेक्ट मैनेजर विकास सिंह ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से विरोध का सामना नहीं करना पड़ रहा है।
कुछ लोग यदि विरोध भी करते हैं तो समझाने-बुझाने पर मीटर लगवाने के लिए तैयार भी हो जाते हैं। मिरजानहाट, हसनगंज सहित दक्षिणी क्षेत्र में मीटर लगाने का काम इसलिए धीमा पड़ा कि जिन लोगों को मीटर लगाने का काम दिया गया था वे गड़बड़ी कर रहे थे।
मीटर के साथ छेड़छाड़ कर रहे थे। यह मामला सामने आने पर ऐसे लोगों को हटा भी दिया गया। पैसे कमाने के चक्कर में मीटर के साथ छेड़छाड़ करने, तार चोरी करने के मामले में तीन लोगों के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई भी की गई है। गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
उन्होंने बताया स्टाक में एक लाख मीटर हमेशा रहता है। नाथनगर, चंपानगर सहित अन्य इलाकों में मीटर लगाने का काम चल रहा है। कहां और कितने घरों व दुकानों में स्मार्ट मीटर लगना है चिन्हित कर ली गई है।
जीनस कंपनी के अनुसार कहां कितने मीटर लगाए गए व कितने लगने हैं :
1.तिलकामांझी सबडिवीजन : 36322 में 36179 मीटर लग चुके हैं। 143 जगहों में और लगने हैं।
2.मोजाहिदपुर सबडिवीजन : 39032 में 37911 मीटर लग चुके हैं। 1121 जगहों में और लगने हैं।
3.नाथनगर सबडिवीजन : 20516 में 5760 मीटर लगाए गए हैं। 14756 जगहों में और लगने हैं।
4.अलीगंज सबडिवीजन : 53990 में 47237 मीटर लगाए गए हैं। 6753 जगहों में और लगने हैं।
5.सुल्तानगंज सबडिवीजन : 54980 में 46008 मीटर लग चुके है। 8972 जगहों में और लगने हैं।
6.कहलगांव सबडिवीजन : 49950 में 43406 मीटर लग चुके हैं। 6544 मीटर और लगने हैं।
7.नवगछिया सबडिवीजन : 36862 में 30340 मीटर लगाए गए हैं। 6532 जगहों में और लगने हैं।


