बोड़ाम: जमशेदपुर के बोड़ाम में क्रिकेट को लेकर उत्साह उस समय और बढ़ गया, जब BPPPL सीजन-3 के लिए खिलाड़ियों की नीलामी आयोजित की गई। शनिवार को हुई इस नीलामी में 96 खिलाड़ियों पर आठ टीमों ने बोली लगाई। 7,900 प्वाइंट की बोली के साथ दलगोविंद सिंह सबसे महंगे खिलाड़ी रहे। उन्हें महाकाल इलेवन ने अपनी टीम में शामिल किया।
BPPPL सीजन-3 के मुकाबले 9, 10 और 11 अक्टूबर को बोड़ाम के हथियाडीह फुटबॉल मैदान में खेले जाएंगे।
आठ टीमों ने चुने 12-12 खिलाड़ी
बोड़ाम और हथियाडीह क्रिकेट टीम की ओर से प्रतियोगिता का आयोजन IPL की तर्ज पर किया जा रहा है। नीलामी के दौरान आठ टीमों के मालिकों ने खिलाड़ियों के लिए बोली लगाई और अपनी-अपनी टीम के लिए 12-12 खिलाड़ियों का चयन किया।
इस दौरान टीम संचालकों के बीच पसंदीदा खिलाड़ियों को लेकर प्रतिस्पर्धा भी देखने को मिली। आयोजकों के अनुसार नीलामी में इस्तेमाल किए गए प्रत्येक एक प्वाइंट की कीमत एक रुपये रखी गई थी।
इन खिलाड़ियों पर लगी बड़ी बोलियां
नीलामी में कई खिलाड़ियों के लिए बड़ी बोली लगाई गई। प्रमुख खिलाड़ियों की बोली इस प्रकार रही:
- दलगोविंद सिंह – 7,900 प्वाइंट, महाकाल इलेवन
- अरविंद सिंह – 7,000 प्वाइंट, ब्रो एंड ब्रदर्स इलेवन
- मानस दत्ता – 6,700 प्वाइंट, विराट इलेवन
- प्रदीप कुमार – 5,600 प्वाइंट, कमलपुर क्लासिक
- पिंटू मांझी – 5,000 प्वाइंट, इन्द्रा इलेवन
- कपिल मिश्रा – 4,800 प्वाइंट, पार्थ इलेवन
- अभय सिंह – 4,000 प्वाइंट, दलमा टाइगर्स
- आशीष गोप – 3,100 प्वाइंट, चंदना इलेवन
टीमों में होंगे आइकन खिलाड़ी
प्रतियोगिता को आकर्षक बनाने के लिए प्रत्येक टीम में एक ऑल इंडिया आइकन और एक लोकल आइकन खिलाड़ी को भी शामिल किया गया है। आयोजकों का कहना है कि इन खिलाड़ियों की मौजूदगी से टूर्नामेंट में प्रतिस्पर्धा और दर्शकों की दिलचस्पी बढ़ेगी।
तीन दिनों तक होंगे मुकाबले
BPPPL सीजन-3 के मैच 9 से 11 अक्टूबर तक हथियाडीह फुटबॉल मैदान में आयोजित किए जाएंगे। नीलामी पूरी होने के बाद अब टीमों और क्रिकेट प्रेमियों की नजर टूर्नामेंट के मुकाबलों पर है।
नीलामी का संचालन कमेंट्री राजेश कुमार मन्ना ने किया। आयोजन में केशव गोप, राजा मोदक, राम कुमार प्रामाणिक, हेमंत मोदक, विवेक गोप, मेघनाथ गोप, भास्कर महतो, पार्थ गोप और राहुल मंडल समेत अन्य लोगों की भूमिका रही।
