Thursday, August 13, 2026

बोकारो में स्वतंत्रता दिवस की तैयारी तेज, फुल ड्रेस परेड का हुआ अभ्यास.

Share

बोकारो: 15 अगस्त को होने वाले 80वें स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों के तहत बोकारो के पुलिस केंद्र, सेक्टर-12 में गुरुवार को फुल ड्रेस परेड का पूर्वाभ्यास किया गया। कार्यक्रम के दौरान उपायुक्त अजय नाथ झा और पुलिस अधीक्षक नाथू सिंह मीणा ने परेड का निरीक्षण किया।

पूर्वाभ्यास में पुलिस एवं अन्य सुरक्षा बलों की कुल नौ टुकड़ियों ने हिस्सा लिया। राष्ट्रभक्ति से जुड़े गीतों के बीच पूरे परिसर में उत्साह का माहौल नजर आया।

निरीक्षण के दौरान उपायुक्त अजय नाथ झा ने राष्ट्रीय ध्वज को सलामी दी। उन्होंने बताया कि स्वतंत्रता दिवस समारोह से जुड़ी अधिकांश तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। समारोह की पूर्व संध्या पर टाउन हॉल में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा।

उपायुक्त ने कहा कि 15 अगस्त को जिले के विभिन्न स्कूलों में भी स्वतंत्रता दिवस से संबंधित कार्यक्रम होंगे। वहीं, एसपी नाथू सिंह मीणा ने बताया कि समारोह को देखते हुए जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है। प्रमुख चौक-चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की जा रही है।

प्रशासन की ओर से स्वतंत्रता दिवस समारोह को व्यवस्थित और सुरक्षित तरीके से आयोजित करने के लिए तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

Read more

Local News