बोकारो में श्रावणी महोत्सव की शोभायात्रा में अजगर का प्रदर्शन, वन विभाग ने किया रेस्क्यू
बोकारो/चास: चास के धर्मशाला मोड़ स्थित श्री शनि ठाकुर बाड़ी में 53वें वार्षिक श्रावणी महोत्सव के अवसर पर भव्य धार्मिक आयोजन किया गया। मंदिर परिसर से निकली शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया। इस दौरान बाहर से आए कलाकारों की प्रस्तुति भी आकर्षण का केंद्र रही।
शोभायात्रा में उज्जैन और जमशेदपुर से पहुंचे कलाकारों ने विभिन्न कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इसी दौरान कलाकारों द्वारा एक अजगर को शोभायात्रा में शामिल किए जाने और उसके साथ करतब दिखाने की जानकारी सामने आई।
सूचना मिलते ही पहुंची वन विभाग की टीम
शोभायात्रा में वन्यजीव को शामिल किए जाने की सूचना मिलने के बाद वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने अजगर को रेस्क्यू कर अपने कब्जे में लिया। बाद में सांप को सुरक्षित प्राकृतिक वातावरण में छोड़ दिया गया।
प्रभारी डीएफओ नीतीश कुमार ने बताया कि वन्यजीवों को कैद में रखना नियमों के तहत प्रतिबंधित है। इसी वजह से विभाग ने कार्रवाई करते हुए अजगर को रेस्क्यू किया और उसे सुरक्षित स्थान पर छोड़ दिया।
वन विभाग ने लोगों से वन्यजीवों को मनोरंजन या प्रदर्शन के लिए इस्तेमाल नहीं करने की अपील की है।
:::
