गुमला। फाइलेरिया से जूझ रहे मरीजों की परेशानी कम करने के लिए गुमला जिला प्रशासन ने सहायता की पहल की है। उपायुक्त के निर्देश पर सदर प्रखंड के 10 गंभीर रूप से प्रभावित मरीजों को व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गई।
फाइलेरिया के कारण पैरों में अत्यधिक सूजन और चलने-फिरने में परेशानी झेल रहे मरीजों के लिए यह सहायता उनके दैनिक आवागमन को आसान बनाने में मददगार होगी। प्रशासन की इस पहल से लाभुकों को अपनी रोजमर्रा की गतिविधियों में अधिक सुविधा मिलने की उम्मीद है।
इन मरीजों को मिली व्हीलचेयर
व्हीलचेयर पाने वाले लाभुकों में दशमी देवी, घुरु कुजूर, फिरू उरांव, एतवारी देवी, गणेश अहीर, अतीम बीबी, बिरिया टप्पों, ग्रेस लकड़ा, चमरा उरांव और मंगरा उरांव शामिल हैं।
प्रखंड स्तर पर किया गया वितरण
मरीजों को व्हीलचेयर उपलब्ध कराने की प्रक्रिया में प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) और बाल विकास परियोजना पदाधिकारी की पहल रही। इस कार्य में पिरामल फाउंडेशन की टीम ने भी सहयोग किया।
प्रशासन का यह कदम गंभीर रूप से प्रभावित मरीजों को सहारा देने और उनकी दैनिक गतिविधियों में आने वाली मुश्किलों को कम करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
