बोकारो : जिले में कानून-व्यवस्था और नागरिकों की सुरक्षा को लेकर पुलिस ने रातभर विशेष अभियान चलाया। एसपी नाथू सिंह मीणा के निर्देश पर ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ कार्रवाई के साथ-साथ रात्रि गश्ती व्यवस्था की भी निगरानी की गई। डीएसपी ने चास थाना क्षेत्र में रात्रि गश्ती, टाइगर मोबाइल और रक्षक राइडर्स की सक्रियता का औचक निरीक्षण किया।
संवेदनशील इलाकों में बढ़ाई गई निगरानी
निरीक्षण के दौरान एसपी नाथू सिंह मीणा और एएसपी वेदांत शंकर ने गश्ती दल और रक्षक राइडर्स को आवश्यक निर्देश दिए। पुलिसकर्मियों से संवेदनशील और चिन्हित स्थानों पर विशेष सतर्कता बरतने को कहा गया।
बैंक, एटीएम, आवासीय क्षेत्रों, सुनसान जगहों और पहले चोरी की घटनाओं वाले इलाकों में सघन गश्ती करने का निर्देश दिया गया। पुलिस टीमों को निर्धारित स्थानों पर QR कोड स्कैन कर गश्ती की निगरानी व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने को कहा गया।
संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश
रात के समय अनावश्यक रूप से बाहर घूमने वाले लोगों से उनकी पहचान और बाहर रहने के कारणों के बारे में पूछताछ करने को कहा गया। पुलिस का उद्देश्य संदिग्ध गतिविधियों पर समय रहते नजर रखना और किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को कम करना है।
नशाखोरी और अवैध गतिविधियों पर सख्ती
एसपी ने आगामी पर्व-त्योहारों को देखते हुए जिले में अड्डेबाजी, नशाखोरी, जुआ, बाइक स्टंट और ड्रिंक एंड ड्राइव के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। राष्ट्रीय राजमार्गों के किनारे स्थित होटलों और ढाबों में शराब की बिक्री व सेवन पर भी निगरानी बढ़ाने को कहा गया है।
एसपी ने स्पष्ट किया है कि किसी थाना क्षेत्र में घटना होने पर संबंधित गश्ती दल की जिम्मेदारी तय की जाएगी। ऐसे में सभी थाना क्षेत्रों के गश्ती दलों को सक्रियता और संवेदनशीलता के साथ ड्यूटी करने का निर्देश दिया गया है।
