Wednesday, November 4, 2026

बोकारो ट्रेजरी घोटाले की जांच पूरी, रिपोर्ट तैयार करने का काम अंतिम चरण में

Share

Ranchi News, 4 November 2026: झारखंड में वेतन मद से हुई कथित फर्जी निकासी के मामले में बोकारो ट्रेजरी की जांच पूरी हो गई है। IAS अधिकारी अमिताभ कौशल की अध्यक्षता में गठित उच्च स्तरीय जांच समिति ने अपनी रिपोर्ट तैयार करने का काम भी अंतिम चरण में पहुंचा दिया है। उम्मीद है कि समिति जल्द ही सरकार को अपनी रिपोर्ट सौंपेगी।

सात ट्रेजरी से हुई निकासी की जांच कर रही समिति

प्रधान महालेखाकार (अकाउंट्स) चंद्र मौली सिंह ने सरकार को राज्य की विभिन्न ट्रेजरी से वेतन मद में कथित फर्जी निकासी की जानकारी दी थी। इसके बाद सरकार ने मामले की जांच के लिए उच्च स्तरीय समिति का गठन किया।

IAS अधिकारी अमिताभ कौशल की अध्यक्षता वाली इस समिति में सात सदस्य शामिल हैं। इनमें महालेखाकार कार्यालय की ओर से नामित अधिकारी के अलावा वित्त विभाग की ज्योति कुमारी झा, कपिल देव पंडित, नरेश झा, उमेश प्रसाद सिन्हा, गौरव कुमार और खिरोद सिंह मुंडा शामिल हैं।

सात जिलों की ट्रेजरी जांच के दायरे में

सरकार ने समिति को सात ट्रेजरी से वेतन मद में हुई कथित फर्जी निकासी की जांच की जिम्मेदारी सौंपी है। इनमें बोकारो, हजारीबाग, रांची, रामगढ़, खूंटी, देवघर और पूर्वी सिंहभूम की ट्रेजरी शामिल हैं।

जांच के सिलसिले में समिति अब तक बोकारो और हजारीबाग का दौरा कर चुकी है। इस दौरान संबंधित ट्रेजरी से निकासी से जुड़े जरूरी दस्तावेज जुटाए गए। साथ ही अधिकारियों से भुगतान और निकासी की प्रक्रिया के संबंध में जानकारी ली गई।

बोकारो की जांच पूरी, बाकी ट्रेजरी की पड़ताल जारी

समिति ने सात ट्रेजरी में से बोकारो ट्रेजरी से हुई कथित फर्जी निकासी की जांच पूरी कर ली है। फिलहाल इस मामले की रिपोर्ट तैयार की जा रही है। रिपोर्ट का काम अंतिम चरण में होने के कारण इसे जल्द सरकार के समक्ष पेश किए जाने की संभावना है।

BHARATSUPERFASTNEWS

Read more

Local News