गिरिडीह: छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक माहौल और सुरक्षित आवासीय सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से गिरिडीह के उपायुक्त रामनिवास यादव ने बेंगाबाद स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका आवासीय विद्यालय का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालय में पढ़ाई के साथ-साथ छात्रावास और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने कक्षाओं, छात्रावास, भोजन व्यवस्था, पेयजल, शौचालय, साफ-सफाई और सुरक्षा से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों को कमियों को दूर करने तथा व्यवस्थाओं में लगातार सुधार बनाए रखने का निर्देश दिया।
पढ़ाई में लापरवाही नहीं करने की हिदायत
डीसी ने शिक्षकों से नियमित रूप से कक्षाएं संचालित करने और निर्धारित समय के भीतर पाठ्यक्रम पूरा कराने को कहा। उन्होंने छात्राओं की पढ़ाई की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने तथा शैक्षणिक गतिविधियों में किसी तरह की लापरवाही नहीं बरतने की बात कही।
छात्राओं से सीधे जाना समस्याओं का हाल
निरीक्षण के दौरान उपायुक्त ने छात्राओं से बातचीत कर उनकी आवश्यकताओं और समस्याओं के बारे में जानकारी ली। छात्राओं ने पढ़ाई, भोजन, स्वच्छता और खेलकूद से जुड़ी कुछ समस्याएं उनके सामने रखीं।
डीसी ने संबंधित अधिकारियों को छात्राओं की समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया।
भोजन और रसोई की गुणवत्ता पर जोर
विद्यालय की भोजन व्यवस्था की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने और निर्धारित मेन्यू का पालन सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने रसोईघर की स्वच्छता तथा खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए।
पानी और शौचालय की व्यवस्था दुरुस्त रखने का निर्देश
पेयजल और शौचालय की सुविधाओं का भी निरीक्षण किया गया। उपायुक्त ने विद्यालय परिसर में पर्याप्त पेयजल उपलब्धता तथा शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान बेंगाबाद के बीडीओ, सीओ समेत अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। अधिकारियों को विद्यालय की व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने और सामने आने वाली समस्याओं का समय पर समाधान करने का निर्देश दिया गया।
