Monday, May 4, 2026

बिहार सरकार ने पांच आईएएस अधिकारियों को संयुक्त सचिव के रूप में पदोन्नति दी है।

Share

बिहार सरकार ने पांच आईएएस अधिकारियों को संयुक्त सचिव के रूप में पदोन्नति दी है। यह पदोन्नति बिहार प्रशासनिक सेवा में कार्यरत इन अधिकारियों के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। सरकार के इस फैसले से राज्य के प्रशासनिक कार्यों में और अधिक दक्षता आने की उम्मीद है। पदोन्नत अधिकारियों को नई जिम्मेदारियां सौंपी जाएंगी।

पटना। भारतीय प्रशासनिक सेवा के 2022 बैच के पांच अफसरों को संयुक्त सचिव के रूप मे प्रोन्नति दी गई है। सामान्य प्रशासन विभाग ने रविवार को इस आशय की अधिसूचना जारी की।

जिन अफसरों को प्रोन्नति दी गई है, उनमें पूर्णिया के एसडीओ पार्थ गुप्ता, बाढ़ के एसडीओ आशीष कुमार, बगहा के एसडीओ गौरव कुमार, बिहारशरीफ के एसडीओ काजले वैभव नितिन तथा मोतिहारी सदर के एसडीओ निशांत सिहारा शामिल हैं।

भोजपुर में बढ़ा प्रशासनिक रूतबा, तैनात हुए चार आइएएस

आरा जिले के प्रशासनिक इतिहास में एक नया अध्याय जुड़ गया है। प्रशासनिक क्षमता, निर्णय लेने की शक्ति और विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिहाज से भोजपुर प्रशासन वर्तमान में अमृतकाल के दौर में है। जिले में इस समय चार भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी विभिन्न पदों पर तैनात हैं। इससे न केवल प्रशासन का रूतबा बढ़ा है, बल्कि जिले के विकास की रफ्तार तेज होने की भी उम्मीद है।

शुक्रवार को आरा सदर अनुमंडलाधिकारी के पद पर भारतीय प्रशासनिक सेवा की 2023 बैच की अधिकारी शिप्रा विजय कुमार चौधरी की नियुक्ति के साथ यह उपलब्धि संभव हुई। उनके योगदान के बाद वह भोजपुर में सेवा देने वाली एक साथ चौथी आइएएस अधिकारी बन गईं। उनकी तैनाती से अनुमंडल स्तर पर प्रशासनिक मजबूती और निर्णय प्रक्रिया में तेजी आने की संभावना जताई जा रही है।

वर्तमान में आइएएस के रूप में जिले में जिलाधिकारी तनय सुल्तानिया, उप विकास आयुक्त गुंजन सिंह, प्रशिक्षु आइएएस सैयद आदिल मोहसिन पहले से ही कार्यरत हैं। चारों अधिकारियों की एक साथ शीर्ष और महत्वपूर्ण पदों पर तैनाती से शासन-प्रशासन के विभिन्न स्तरों पर बेहतर समन्वय स्थापित होगा। इससे योजनाओं के क्रियान्वयन, निगरानी और समयबद्ध निष्पादन में स्पष्ट सुधार देखने को मिलेगा।

एडीएम रैंक के चार पदों पर तैनाती से प्रशासन को मिली मजबूती

जिले में राजस्व और डीपीजीआरओ के बाद आपदा प्रबंधन और विशेष शाखा जैसे महत्वपूर्ण विभागों में एडीएम रैंक के पदाधिकारी तैनात किए गए हैं। इससे आपदा प्रबंधन, राजस्व मामलों के निपटारे और कानून-व्यवस्था से जुड़े कार्यों में त्वरित और प्रभावी निर्णय संभव होंगे।

आमजन से जुड़ी समस्याओं के समाधान में भी इससे तेजी आएगी। एडीएम राजस्व के पद पर शशि शेखर और जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी (डीपीजीआरओ) के पद पर डाक्टर बलदेव चौधरी के साथ-साथ एडीएम आपदा के पद पर कमर आलम और एडीएम विशेष के पद पर विमल कुमार सिंह की तैनाती विगत माह पहले हुई है।

विकास कार्यों को मिलेगी गति, गुणवत्ता पर रहेगा विशेष फोकस

जिले में वर्षों से धीमी गति से चल रहे विकास कार्यों को गति देने में ये अधिकारी अहम भूमिका निभाएंगे। सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और आधारभूत संरचना से जुड़ी योजनाओं में गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। मजबूत प्रशासनिक टीम के साथ भोजपुर जिले के लिए यह समय स्वर्णिम काल साबित होने की उम्मीद जताई जा रही है।

Read more

Local News