Monday, June 22, 2026

 फिनटेक प्लेटफॉर्म CRED ने सोमवार को कहा कि वह मेटा की अगुवाई वाले फंडिंग राउंड में 8,550 करोड़ रुपये जुटाएगा.

Share

 फिनटेक प्लेटफॉर्म CRED ने सोमवार को कहा कि वह मेटा की अगुवाई वाले फंडिंग राउंड में 8,550 करोड़ रुपये जुटाएगा. इस बड़ी डील के तहत, कंपनी के फाउंडर कुणाल शाह सीईओ का पद छोड़ देंगे और ग्लोबल टेक कंपनी मेटा के मैसेजिंग प्लेटफॉर्म व्हाट्सऐप (WhatsApp) की कमान संभालेंगे.

बेंगलुरु में हेडक्वार्टर वाली कंपनी ने एक बयान में कहा कि शाह मेटा की ग्लोबल लीडरशिप टीम में शामिल होंगे, लेकिन CRED में अपनी पर्सनल हिस्सेदारी बनाए रखेंगे.सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शाह ने कहा, “CRED टीम, मुझे अब भी उम्मीद है कि आप खुद का 10x वर्शन बनेंगे. जहां तक ​​मेरी बात है, मैं व्हाट्सऐप को ग्लोबल लेवल पर लीड करने के लिए मेटा से जुड़ूंगा. हालांकि WhatsApp ने काफी तरक्की की है, लेकिन आज के व्हाट्सऐप और इसकी पूरी क्षमता के बीच अभी भी बहुत बड़ा अंतर है.”

मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग ने फेसबुक पर लिखा, “कुणाल शाह व्हाट्सऐप के अगले लीडर के तौर पर मेटा से जुड़ेंगे. कुणाल ने CRED को भारत की सबसे अहम टेक्नोलॉजी कंपनियों में से एक बनाया है. उनमें ‘बिल्डर’ वाली सोच और ग्लोबल नजरिया है, जो दुनिया के सबसे बड़े मैसेजिंग ऐप को चलाने में उनके काम आएगा. मैं कुणाल के साथ काम करने के लिए उत्साहित हूं ताकि व्हाट्सऐप को अरबों लोगों और लाखों बिजनेस के लिए सबसे अच्छी सर्विस बनाया जा सके.”लीडरशिप में इस बदलाव के बाद, मितेन संपत को तुरंत प्रभाव से अंतरिम सीईओ नियुक्त किया गया है. वे 2020 से कंपनी के लिए स्ट्रैटेजी और फाइनेंस का काम संभाल रहे थे.

कंपनी ने कहा, “CRED अपने तेजी से बढ़ने के प्लान के तहत, मेटा की अगुवाई में ‘सीरीज H’ राउंड में ₹8,550 करोड़ (~USD 900 मिलियन) जुटाएगा. यह फंडिंग प्राइमरी और सेकेंडरी शेयर खरीद के जरिए जुटाई जाएगी. CRED इस राउंड में ₹43,239 करोड़ (USD 4.5 बिलियन) की पोस्ट-मनी वैल्यूएशन और ₹38,819 करोड़ (USD 4.03 बिलियन) की प्री-मनी वैल्यूएशन पर फंड जुटाएगा. निवेश की शर्तों के तहत, मेटा एक माइनॉरिटी इन्वेस्टर के तौर पर CRED के कैप टेबल में शामिल होगा और उसे CRED के कस्टमर की जानकारी का एक्सेस नहीं मिलेगा.”

इस नए फंड का इस्तेमाल ग्रोथ को तेजी देने, संस्थागत क्षमता बढ़ाने और अलग-अलग कैटेगरी में CRED की लीडरशिप को मज़बूत करने के लिए किया जाएगा. शाह ने कहा, “मैंने 2018 में इस भरोसे के साथ CRED शुरू किया था कि क्रेडिटवर्थनेस (उधार चुकाने की क्षमता) को इनाम मिलना चाहिए. आठ साल से भी कम समय में, वह भरोसा एक नई कैटेगरी में बदल गया है. लाखों सदस्य, (लगभग) ₹3,200 करोड़ का रेवेन्यू, मुनाफा, सभी जरूरी लाइसेंस और एक मजबूत ब्रांड. इसी बुनियाद पर, अतिरिक्त फंड और बेहद टैलेंटेड टीम के साथ, CRED आने वाले दशकों तक एक मजबूत संस्थान बनने के लिए तैयार है. मैं आभार और इस भरोसे के साथ पीछे हट रहा हूं कि टीम आगे भी नए स्टैंडर्ड सेट करती रहेगी.”

CRED का दावा है कि वह अभी भारत में क्रेडिट कार्ड बिल पेमेंट का 40 प्रतिशत से ज़्यादा प्रोसेस करता है, और हर महीने 1.7 करोड़ सदस्य इस प्लेटफ़ॉर्म का इस्तेमाल करते हैं. इसका लेंडिंग बिजनेस बढ़कर ₹24,000 करोड़ के एसेट्स अंडर मैनेजमेंट (AUM) तक पहुंच गया है.

Read more

Local News