बिहार में चौथे चरण की शिक्षक नियुक्ति को लेकर 20 जिलों ने रोस्टर क्लियरेंस की कार्रवाई पूरी कर ली है, और रिक्तियां शिक्षा विभाग को सौंप दी हैं। माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा का परीक्षाफल जारी होने के बाद नियुक्ति प्रक्रिया शुरू होगी। शेष 18 जिलों में रोस्टर क्लियरेंस का मामला अभी लंबित है, जिन्हें जल्द पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
पटना। राज्य में चौथे चरण की शिक्षक नियुक्ति को लेकर तीन और जिलों में रोस्टर क्लियरेंस की कार्रवाई पूरी हो चुकी है। इसके साथ ही रोस्टर क्लियरेंस की कार्रवाई पूरी करने वाले जिलों की संख्या 20 पर पहुंच गई है।
रोस्टर क्लियरेंस के अनुसार, संबंधित 20 जिलों से रिक्तियां शिक्षा विभाग को मिल चुकी हैं। शेष 18 जिलों में रोस्टर क्लियरेंस का मामला लंबित है।
संबंधित जिलों के जिला शिक्षा पदाधिकारियों को पहले ही निर्देश दिए जा चुके हैं कि जिलाधिकारी के साथ समन्वय स्थापित कर तय समय-सीमा के अंदर रोस्टर क्लियरेंस की कार्रवाई पूरी कराएं।
उल्लेखनीय है कि माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा का परीक्षाफल जारी होने के बाद चौथे चरण की शिक्षक नियुक्ति की प्रक्रिया शुरू होनी है। माध्यमिक शिक्षक पात्रता परीक्षा का परीक्षाफल जल्द आने वाला है।


