बिहार के लोगों को अगले तीन-चार दिनों तक उमस भरी गर्मी सताएगी. वैसे रविवार को भी पटना में बादल छाए रहने के साथ ही ठनका और बारिश का पूर्वानुमान जताया है.
पटना सहित 13 जिलों में शनिवार शाम को झमाझम बारिश हुई. पटना में.थोड़ी देर हुई बारिश से उमस बढ़ गई. पटना में 0.2 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई. राजधानी का अधिकतम तापमान 39 और न्यूनतम तापमान 30.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. मौसम विभाग ने रविवार को भी यहां बादल छाए रहने के साथ ही ठनका और बारिश का पूर्वानुमान जताया है.
चार दिनों तक राहत की उम्मीद नहीं
बिहार के लोगों को अगले तीन-चार दिनों तक उमस भरी गर्मी सताएगी. मौसम विभाग के अनुसार चार दिनों के दौरान बिहार के अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है. बिहार में आर्द्रता की मात्रा 92 प्रतिशत तक रहने के कारण लोगों को उमस वाली गर्मी परेशान कर रही है. शनिवार को प्रदेश के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में वृद्धि हुई. 39.9 डिग्री सेल्सियस के साथ गोपालगंज सबसे गर्म रहा. वहीं सबसे कम तापमान 23.2 डिग्री सेल्सियस वाल्मीकिनगर का रहा.
इन जिलों में अलर्ट जारी
रविवार को भागलपुर, बांका, जमुई, मुंगेर, खगड़िया, पश्चिमी चंपारण, पूर्वी चंपारण, शिवहर, सीतामढ़ी, मधुबनी, सुपौल, अररिया, किशनगंज जिलेके एक-दो स्थानों पर ठनका और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की चेतावनी है.


