Thursday, April 30, 2026

बिहार क्रिकेट एसोसिएशन ने पटना के मोइनुल हक स्टेडियम के 498 करोड़ रुपये के पुनर्निर्माण के लिए स्काई लाइन इंफ्रावर्ल्ड और एसआइडीपीएल के साथ अनुबंध किया है।

Share

बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) ने पटना के मोइनुल हक स्टेडियम के 498 करोड़ रुपये के पुनर्निर्माण के लिए स्काई लाइन इंफ्रावर्ल्ड और एसआइडीपीएल के साथ अनुबंध किया है। यह परियोजना स्टेडियम को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कॉम्प्लेक्स में बदलेगी, जिसमें आधुनिक सुविधाएं, खिलाड़ियों के लिए आवास और कई पिचें होंगी। दो साल में पूरा होने वाला यह निर्माण बिहार में क्रिकेट के विकास को बढ़ावा देगा।

पटना। राजेंद्र नगर स्थित मोइनुल हक स्टेडियम का पुनर्निर्माण लखनऊ का इकान स्टेडियम बनाने वाली स्काई लाइन इंफ्रावर्ल्ड और एसआइडीपीएल करेगी।

शुक्रवार को बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (BCA) और दोनों कंपनियों के बीच 498 करोड़ रुपये की लागत से अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट कांप्लेक्स के निर्माण को लेकर अनुबंध की घोषणा की गई।

पाटलिपुत्र कालोनी स्थित एक निजी होटल में आयोजित प्रेसवार्ता में बीसीए सदस्यों और कंपनी के प्रतिनिधियों के बीच परियोजना से संबंधित सहमति पत्र पर औपचारिक रूप से हस्ताक्षर किए गए।

खिलाड़ियों के लिए बड़ी सौगात 

बीसीए सचिव जियाउल अरफीन ने कहा कि प्रस्तावित परियोजना के तहत 25 से 30 एकड़ क्षेत्र में मुख्य क्रिकेट स्टेडियम, आधुनिक पवेलियन, अभ्यास विकेट, इनडोर अभ्यास सुविधा, खिलाड़ियों के लिए ड्रेसिंग रूम, मीडिया सेंटर और प्रशासनिक ढांचा शामिल रहेगा।

सीईओ मनीष राज ने कहा कि परियोजना के अंतर्गत लगभग 300 खिलाड़ियों के रहने की व्यवस्था भी प्रस्तावित है। कोषाध्यक्ष अभिषेक नंदन ने कहा कि निर्माण को चरणबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा, जिसमें प्रथम चरण में मुख्य खेल क्षेत्र और आवश्यक सुविधाओं का विकास किया जाएगा।

जीएम एडमिन नीरज सिंह ने कहा कि खिलाड़ियों के प्रशिक्षण, फिटनेस और मैच तैयारी के लिए 12 से 16 पिचों के निर्माण की योजना भी शामिल है।

दो वर्ष के अंदर पूर्ण होगा न‍िर्माण 

दो वर्ष के अंदर कंपनी को निर्माण पूर्ण करके स्टेडियम सौंपने का लक्ष्य दिया गया है। इस निर्णय पर बीसीए अध्यक्ष हर्षवर्धन ने कहा कि परियोजना बिहार में क्रिकेट के दीर्घकालिक विकास की दिशा में एक ठोस पहल है।

अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बनने वाला यह क्रिकेट कांप्लेक्स भविष्य में बड़े टूर्नामेंटों के आयोजन की क्षमता विकसित करेगा। इस दौरान एसआइडीपीएल के जीएम अरुण कुमार गुप्ता, स्काई लाइन के प्रतिनिधि प्रहलाद राज और बीसीए से अजित कुमार पांडेय, राकेश कुमार एवं ब्रजभूषण सिंह मौजूद रहे।

Read more

Local News