कांग्रेस ने साफ कर दिया है कि 24 सितंबर को सीडब्ल्यूसी की बैठक में सीएम फेस पर कोई बात नहीं होगी.
पटना: 24 सितंबर को पटना के सदाकत आश्रम में पहली बार CONGESS WORKING बैठक होने वाली है. सीडब्ल्यूसी की बैठक में पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी सहित कमिटी के सभी 170 सदस्य शामिल होंगे. प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय सदाकत आश्रम में पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम बिहार प्रभारी कृष्णा अल्लावारु शकील अहमद खान ने संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि यह एक ऐतिहासिक बैठक होगी.
आजादी के बाद पहली बैठक: कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम ने कहा कि 1921 में मौलाना मजहरूल हक ने 21 एकड़ जमीन दी थी, जिस पर सदाकत आश्रम की स्थापना हुई थी. इतिहास के पन्नों में इसलिए सदाकत आश्रम का विशेष महत्व है, क्योकि यहां से आजादी की लड़ाई की रणनीति बनी थी. इसी आश्रम में महात्मा गांधी, राजेंद्र प्रसाद, जवाहरलाल नेहरू ने आजादी की लड़ाई की रूपरेखा तैयार की. बापू ने सत्याग्रह चंपारण से शुरू की बाद में आजादी की लड़ाई की रणनीति यहां से बना.
“लोकतंत्र बचाने का समय आ गया है. वोट चोरी को रोकने के लिए आज संघर्ष हो रहा है. वोट चोरी के साथ-साथ, अडानी को 1 रुपये में जमीन बेची जा रही है. लोगों के अधिकार की चोरी हो रहे हैं. इसी को लेकर कांग्रेस संघर्ष कर रही है.”- राजेश राम, प्रदेश अध्यक्ष, कांग्रेस
केंद्र और राज्य सरकार पर निशाना: कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान ने कहा कि पिछले 20 वर्षों से बिहार में और केंद्र में 11 वर्षों से एनडीए की सरकार है. दोनों ने मिलकर बिहार में लूट की. देश और बिहार को इन लोगों की लूट से बचने का समय आ गया है. इसीलिए कांग्रेस संघर्ष कर रही है. पटना में होने वाली कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में अनेक को रेजोल्यूशन पास होंगे.
“इस महीने की 24 तारीख को पटना के सदाकत आश्रम में होने वाली बैठक एक संदेश देगी. जिस तरीके से आम लोगों के साथ-साथ महिलाओं नौजवानों के ऊपर अत्याचार हो रहा है. 2 करोड़ से अधिक लोक पलायन होने को मजबूर हैं. इस सब की लड़ाई कांग्रेस पार्टी लड़ रही है.”- शकील अहमद खान, नेता विधायक दल, कांग्रेस
बिहार से होगी देश की बात: बिहार प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावारु ने कहा कि पटना में होने वाली कांग्रेस वर्किंग कमेटी की बैठक में न केवल बिहार की बात होगी, बल्कि बिहार से पूरे देश की बात होगी. देश के सामने महंगाई, बेरोजगारी, महिलाओं पर अत्याचार, ट्रंप के सामने झुकने वाली सरकार, इन सभी मुद्दों पर इस बैठक में चर्चा होगी.
“केंद्र में मोदी जी की सरकार है लेकिन जनता की कोई सुनने वाला नहीं. मोदी जी वह छात्र की तरह हैं, जो परीक्षा पढ़-लिखकर नंबर बढ़ाने में विश्वास नहीं रखते. मोदी जी वो छात्र हैं, जो चीटिंग करता है, चोरी करता है. इसी आधार पर परीक्षा पास करते हैं. वोट चोरी करके नरेंद्र मोदी और अमित शाह चुनाव जीतते हैं.”- कृष्णा अल्लावारु, प्रदेश प्रभारी, कांग्रेस
बिहार की कानून-व्यवस्था पर सवाल: कृष्णा अल्लावारु ने कहा कि बिहार में पुलिस और प्रशासन की लापरवाही के कारण गुंडाराज बढ़ता जा रहा है. बिहार में अपराध कम नहीं हो रहा है. बिहार में पेपर लीक होती है लेकिन पेपर लीक करने वाले माफिया पर कोई करवाई नहीं होती है. बिहार में इसको लेकर छात्र मांग करते हैं तो उनके ऊपर लाठी चार्ज होती है. बीजेपी और एनडीए को इसकी हिम्मत कहां से आती है, यह हिम्मत वोट चोरी करने से आती है. कांग्रेस पूरे देश में वोट चोरी के मुद्दे को उठा रही है और बीजेपी के वोट चोरी को अब सब कोई जान गया है.
बिहार में कांग्रेस ने क्या किया?: कृष्णा अल्लावारु ने कहा कि बिहार में कांग्रेस ने यहां के लोगों के हक की लड़ाई लड़ने का काम किया है. पलायन रोको नौकरी दो यात्रा कांग्रेस पार्टी ने युवाओं के लिए बिहार में निकाला. SIR के माध्यम से वोट चोरी करने का सरकार का प्लान था लेकिन कांग्रेस पार्टी ने वोटर अधिकार यात्रा के बाद लोगों को यह बताने में सफल हुए की वोट चोर गद्दी छोड़.
सीट शेयरिंग पर चल रही है बातचीत: बिहार प्रदेश कांग्रेस प्रभारी कृष्णा अल्लावारु ने कहा कि इंडिया गठबंधन में सीट शेयरिंग का मामला अभी चल रहा है. इंडिया गठबंधन में सीटों के बंटवारे की प्रक्रिया अच्छे ढंग से एवं पॉजिटिव तरीके से चल रहा है. हम लोग एक साथ मिल बैठकर अच्छी तरीके से सीट शेयरिंग का मामला सुलझा लेंगे. हमें विश्वास है कि मजबूत तरीके से हम इसे पूरा करेंगे. मुख्यमंत्री के चेहरे के सवाल पर उनका कहना था कि समय आने पर सब कुछ तय हो जाएगा कि कौन मुख्यमंत्री का चेहरा होगा?


