Tuesday, August 25, 2026

बरवाडीह थाना पहुंचे पलामू DIG, कानून-व्यवस्था की समीक्षा कर लंबित मामलों के निपटारे पर दिया जोर.

Share

लातेहार: पलामू रेंज के डीआईजी किशोर कौशल ने मंगलवार को बरवाडीह थाना का निरीक्षण किया। थाना परिसर पहुंचने पर पुलिस जवानों ने उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर दिया। इसके बाद उन्होंने पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक कर क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था और अपराध नियंत्रण से जुड़े मामलों की समीक्षा की।

बैठक में डीआईजी ने अधिकारियों को अपराध और उग्रवादी गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए समन्वय के साथ काम करने का निर्देश दिया। उन्होंने अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न थानों में लंबित कांडों की प्रगति की जानकारी लेते हुए उनके शीघ्र निष्पादन पर विशेष ध्यान देने को कहा।

वारंट और कुर्की मामलों की भी समीक्षा

निरीक्षण के दौरान वारंट एवं कुर्की से जुड़े मामलों के निष्पादन, नियमित पुलिस गश्त और अपराध नियंत्रण की स्थिति पर भी चर्चा हुई। डीआईजी ने अधिकारियों को क्षेत्र में पुलिस की सक्रियता बनाए रखने और संवेदनशील इलाकों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया।

इसके अलावा थाना परिसर में रखे विभिन्न सरकारी अभिलेखों, मालखाना, हाजत और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया। उन्होंने थाने की साफ-सफाई और रिकॉर्ड को व्यवस्थित रखने पर भी जोर दिया।

ग्रामीणों की शिकायतें संवेदनशीलता से सुनने का निर्देश

डीआईजी ने पुलिसकर्मियों से कहा कि थाना पहुंचने वाले ग्रामीणों और आम लोगों की शिकायतों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ सुना जाए। उन्होंने समस्याओं के नियमानुसार त्वरित समाधान की दिशा में कार्रवाई करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान थाना प्रभारी अनुराग कुमार के अलावा एसआई एसएन ओझा, उपेंद्र सिंह, सुनील मंडल, संजय चौधरी सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी और जवान मौजूद रहे।

Read more

Local News