Saturday, May 9, 2026

प्रिंस सिंह के खिलाफ दर्ज हुई FIR – भाजपा नेता के साथ मारपीट के बाद राजनीतिक माहौल गर्म

Share

बक्सर में भाजपा महिला मोर्चा की क्षेत्रीय प्रभारी के पति और भाजयुमो नेता संतोष चौबे के साथ मारपीट और दुर्व्यवहार का वीडियो वायरल होने से राजनीतिक माहौल गरमा गया है। ठेकेदारी से जुड़े इस मामले में प्रिंस सिंह और अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है। वीडियो में पीड़ित को पैर पकड़ने के लिए मजबूर किया जा रहा है।

बक्सर। भाजपा प्रदेश महिला मोर्चा की क्षेत्रीय प्रभारी दुर्गावती चतुर्वेदी के पति और भारतीय जनता युवा मोर्चा के क्षेत्रीय प्रभारी संतोष कुमार चौबे और उनके सहयोगी निकू तिवारी के साथ मारपीट, दुर्व्यवहार और वीडियो प्रसारित किए जाने के मामले से जिले का राजनीतिक माहौल गर्म हो गया है।

ये दोनों लोग बक्सर नगर परिषद से जुड़ी योजनाओं में ठेकेदारी करते हैं। शहर के राम बाग मोहल्ला निवासी प्रिंस सिंह और उनके सहयोगियों के खिलाफ इस मामले में एक प्राथमिकी बीते शुक्रवार को संतोष ने दर्ज कराई थी, जो मूलत: ब्रह्मपुर प्रखंड के जवही गांव के रहने वाले हैं।

इस घटनाक्रम से जुड़ी कई वीडियो क्लिप इंटरनेट पर तेजी से प्रसारित हो रही हैं। इनमें से कुछ दबंग लोग पीड़ित को डरा-धमकाकर एक व्यक्ति के पैरों पर गिरने के लिए मजबूर कर रहे हैं।

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दुर्गा चरण मिश्रा ने इसे निंदनीय कृत्य बताते हुए आरोपितों का आर्म्स लाइसेंस तुरंत रद करने और उनके खिलाफ सीसीए के तहत कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

भाजपा के ही एक अन्य प्रदेश कार्यसमिति सदस्य नीरज पाठक ने इस तरह का अपमानजनक व्यवहार करते हुए इसका वीडियो प्रसारित करना सामाजिक माहौल बिगाड़ने की साजिश का हिस्सा हो सकता है।

वीडियो से जाहिर है कि कुछ लोग खौफ का माहौल कायम करना चाहते हैं। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कामेश्वर पांडेय ने भी इसे सामाजिक माहौल को खराब करने वाला प्रकरण बताया है।

कांग्रेस के राजा रमण पांडेय ने कहा कि अमानवीय व्यवहार और जबरदस्ती किसी से पैर पकड़वाना निंदनीय है। पूर्व जिला पार्षद सोनू सिंह ने कहा कि घटना निंदनीय है, लेकिन इसे जातीय रंग देना ठीक नहीं है।

कौन है, जिसे वीडियो में कहा जा रहा ‘मामा’

इस घटनाक्रम से जुड़े वीडियो में पीड़ित को जिस व्यक्ति के पैरों में गिरने के लिए मजबूर किया जा रहा है, उसे आसपास बैठे लोग ‘मामा’ कहकर संबोधित कर हैं। इस व्यक्ति के बारे में बताया जा रहा है, वह व्यक्ति सोहनीपट्टी का रहने वाला है।

वह व्यक्ति भाजपा नेता को अपमानित करने में कोई कोर-कसर नहीं छोड़ रहा है। वह पैर पकड़ रहे भाजपा नेता को कैमरे की ओर मुंह करने के लिए बाध्य कर रहा है। इस दौरान उस कक्ष में आठ से नौ लोग नजर आ रहे हैं।

वीडियो में और भी ढेर सारे लोग दिख रहे हैं, जो इस कृत्य का हिस्सा बने हैं। इसमें एक व्यक्ति संस्कृत के श्लोक पढ़ते हुए धर्माचरण का संदेश देता दिख रहा है।

Read more

Local News