अररिया के डायट फारबिसगंज में आवासीय प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों पर बल्ब, बेडशीट और चाय के कप चोरी करने का आरोप लगा है। प्राचार्य आफताब आलम ने डीईओ अररिया को पत्र लिखकर इन शिक्षकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सीसीटीवी फुटेज में चोरी कैद होने और निजी वाहनों से सामान बरामद होने के बाद यह मामला सामने आया। संस्थान को लगभग आठ हजार की क्षति हुई है, जिसकी वसूली की मांग की गई है।
अररिया। जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) फारबिसगंज में पांच दिवसीय आवासीय प्रशिक्षण में आए शिक्षकों पर बल्ब, बेडशीट, चाय के कप, हैंडवाश डिस्पेंसर की चोरी का आरोप लगा है। यह आरोप चार प्रशिक्षणार्थी शिक्षक यूएमएस बिहारी पलासी के मो नुरूल इस्लाम, पीएस डुमरिया हरिजन टोला जोकीहाट के मो मजहर आलम, पीएस रहरिया जोकीहाट के मो नियाज आलम और पीएस हैय्याधार जोकीहाट के मो तौकीर आलम पर लगा है।
इस संबंध में डायट फारबिसगंज के प्राचार्य आफताब आलम ने डीईओ अररिया को पत्र लिखकर इन शिक्षकों के विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई की मांग की है।
पत्र में कहा है कि उपरोक्त सभी शिक्षक प्रथम दिन से ही संस्थान में प्रशिक्षणरत थे। प्रशिक्षण को सुचारू एवं सुव्यवस्थित रूप से संचालित करने के लिए भोजनादि के साथ सभी प्रकार की सामग्री यथा आवासन सामग्री, हैंडवाश, बल्ब, बाल्टी, मग, मच्छरदानी आदि उपलब्ध कराई जाती है, परंतु इन शिक्षकों के द्वारा बल्ब, बेडशीट, चाय के कप, हैंडवाश डिस्पेंसर जैसी सामग्रियों की चोरी करते हुए देखा गया, जो संस्थान के सीसीटीवी कैमरा में कैद है
साथ ही अतिरिक्त जांच में कुछ सामग्रियां जो संस्थान की ही हैं, इनके निजी चार चक्का वाहन एवं इनको आवंटित कमरों से भी बरामद की गई हैं। शिक्षकों का यह कार्य न सिर्फ सरकारी संपत्तियों को हानि पहुंचाने एवं संस्थान तथा प्रशिक्षण व्यवस्था को प्रभावित करने जैसा है, बल्कि शिक्षक पेशे एवं इससे जुड़े प्रतिष्ठित शिक्षक समुदाय की छवि को भी धूमिल करने जैसा है, इसलिए इनके विरुद्ध अनुशासनिक कार्रवाई की जाए तथा इनके द्वारा संस्थान को पहुंचाई गई क्षति लगभग आठ हजार की राशि वसूल कर संस्थान के बैंक खाते में उपलब्ध कराने की कृपा की जाए।


