पलामू: जिले में बिजली की समस्या दूर करने के लिए डेडीकेटेड व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जा रहा है. इस व्हाट्सएप ग्रुप में संबंधित क्षेत्र के अनुमंडल पदाधिकारी के साथ-साथ अंचल अधिकारी भी मौजूद रहेंगे. इस ग्रुप में बिजली विभाग के अधिकारी भी शामिल रहेंगे ताकि आम लोगों के सूचना के आधार पर तुरंत समस्या का समाधान किया जा सके.
आम लोगों के लिए बनाया जाएगा व्हाट्सएप ग्रुप
पलामू डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने बिजली की समस्या का समाधान करने के लिए व्हाट्सएप ग्रुप बनाने की पहल की है. इस संबंध में बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया है. व्हाट्सएप ग्रुप के माध्यम से बिजली की समस्या की जानकारी ग्रुप में साझा की जाएगी और उसके समाधान से संबंधित फोटो भी ग्रुप में अपलोड किया जाएगा.
पलामू में आम लोग बिजली से संबंधित समस्याओं को बिजली विभाग के साथ साझा करते हैं. व्हाट्सएप ग्रुप बन जाने के बाद आम लोग अब अपने अंचल अधिकारी और एसडीएम के साथ बिजली से संबंधित समस्याओं की जानकारी दे सकते हैं. पलामू डीसी दिलीप प्रताप सिंह शेखावत का कहना है कि बढ़ती गर्मी, बारिश एवं तेज हवा के कारण बिजली से जुड़ी समस्याएं बढ़ जाती है. बिजली एक आवश्यक सेवा है. आम लोगों की शिकायत का समाधान करना बेहद ही जरूरी है. इन सभी को ध्यान में रखकर व्हाट्सएप ग्रुप बनाया जाना है.
पर्वतारोहियों से डीसी ने की मुलाकात
विश्व शांति पदयात्रा एवं जन जागरूकता अभियान को लेकर पर्वतारोहियों की एक टीम ने पलामू डीसी प्रताप सिंह शेखावत से सोमवार को मुलाकात की है. पर्वतारोहियों की टीम कई सामाजिक मुद्दे को लेकर जागरूकता अभियान चला रही है. पलामू के विभिन्न क्षेत्र में भी परिवर्तनों की टीम जागरूकता अभियान चलाएगी. पलामू जिला प्रशासन सिंचाई विभाग एवं सड़क सुरक्षा समिति के माध्यम से पर्वतारोहियों की टीम को जागरूकता के लिए मदद करेगी.


