धर्मशाला: पंजाब किंग्स (PBKS) को धर्मशाला के हिमाचल प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ एक रोमांचक मुकाबले में तीन विकेट से हार का सामना करना पड़ा. वो 210 रन का बचाव करने में असफल रहे, जिसकी वजह से पंजाब को लगातार चौथा हार झेलनी पड़ी.
हार जिम्मेदार कौन?
मैच के बाद PBKS के कप्तान श्रेयस अय्यर ने 210 रन का बचाव न कर पाने के लिए खराब गेंदबाजी और फील्डिंग को जिम्मेदार ठहराया. उन्होंने कहा, ‘बात को घुमा-फिराकर कहने की जरूरत नहीं है, लेकिन एक बार फिर हमारी हार की वजह फील्डिंग और बॉलिंग ही रही.’
PBKS के कप्तान ने जोर देकर कहा कि एक मुश्किल पिच पर, जहां गेंद में सीम मूवमेंट और असमान उछाल देखने को मिल रहा था, वहां 210 का स्कोर जीत के लिए काफी होना चाहिए था. उन्होंने कहा, ‘बिल्कुल, मुझे लगता है कि इस विकेट पर यह स्कोर 30 रन ज्यादा था, यह देखते हुए कि गेंद में किस तरह का सीम मूवमेंट और असमान उछाल था.’
चहल को गेंदबाजी क्यों नहीं दी?
अय्यर ने यह भी बताया कि ओस के कारण तेज गेंदबाजों को मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था, इसके बावजूद युजवेंद्र चहल को बॉलिंग क्यों नहीं दी गई. उन्होंने कहा, ‘इस पर विचार किया गया था, लेकिन जिस तरह से गेंद सीम हो रही थी, अगर हमने अपनी लाइन और लेंथ पर गेंद डाली होती, तो शायद हमें विकेट मिल जाते. लेकिन हमने ऐसा नहीं किया.’
श्रेयस ने आगे कहा, ‘मैं हमेशा कहता हूं कि हार्ड लेंथ या हार्ड लेंथ से थोड़ी ही छोटी गेंद सबसे अच्छी गेंद होती है. नए बल्लेबाज के लिए इस पर शॉट लगाना आसान नहीं होता. हम अपनी योजना पर खरे नहीं उतर पाए.’
पंजाब की 3 विकेट से हार
मैच की बात करें तो पंजाब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए प्रियांश (56) और अय्यर (59)के अर्धशतक की बदौलत 20 ओवर में 210/5 का स्कोर खड़ा किया. जवाब में दिल्ली कैपिटल्स ने कप्तान अक्षर पटेल (56) और डेविड मिलर (51) के अर्धशतक की बदौलत 6 गेंद शेष रहते हुए ही लक्ष्य को हासिल कर लिया. जो की धर्मशाला के इतिहास में IPL का अब तक का सबसे बड़ा सफल रन चेज बन गया.


