पलामू: जिले के सभी थाना प्रभारी अलर्ट मोड पर कार्य करेंगे एवं अपराध और नक्सल के खिलाफ कार्रवाई करेंगे. दरअसल, सोमवार को पलामू के नए एसपी कपिल चौधरी ने जिले के पुलिस अधिकारियों के साथ अपराध और नक्सल को लेकर समीक्षा बैठक की. आईपीएस कपिल चौधरी ने शनिवार को पलामू एसपी के पद पर योगदान दिया है. बैठक में एसपी कपिल चौधरी ने पुलिस अधिकारियों को कई बिंदु पर निर्देश दिए हैं और उनकी टास्किंग भी की है.
संगठित अपराध से जुड़े अपराधियों की निगरानी
सभी थाना प्रभारियों को चुस्त दुरुस्त तरीके से रहने और बेहतर पुलिसिंग करने का निर्देश दिया गया है. बैठक में जिले के सभी एसडीपीओ, इंस्पेक्टर और थाना प्रभारी मौजूद थे. मीटिंग में संगठित अपराध से जुड़े अपराधियों एवं उनके गुर्गों के खिलाफ टारगेट करने का निर्देश दिया गया है, जबकि नक्सलियों के खिलाफ निगरानी और सर्च अभियान चलाने का निर्देश दिया गया है.
बैठक में मुकदमों की स्थिति की समीक्षा
नक्सलियों के खिलाफ गोपनीय जानकारी और उनकी मूवमेंट पर भी निगरानी रखने को कहा गया है. एसपी ने इस दौरान पलामू में मुकदमों की स्थिति की भी समीक्षा की है. एसपी कपिल चौधरी ने बताया कि बैठक में नक्सली एवं अपराध की समीक्षा की गई है और कई बिंदुओं पर निर्देश दिए गए हैं.
इसके साथ थाना प्रभारियों को चुस्त दुरुस्त तरीके से कार्य करने को कहा गया है. पुलिस आम लोगों के सहयोग के साथ कार्य करेगी. दरअसल, इस बैठक में वारंट एवं मुकदमों के अनुसंधान की भी समीक्षा की गई है और एसपी ने कई निर्देश दिए हैं.


