Monday, April 20, 2026

देवघर में अक्षय तृतीया के शुभ मुहूर्त के चलते उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब.

Share

देवघर: सोमवार को देवघर के बाबा मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली. दरअसल वैशाख माह में शुक्ल पक्ष की तृतीय तिथि को अक्षय तृतीया के रूप में ममनाया जा रहा है. यह दिन सनातन धर्म के लिए सबसे शुभ दिन माना जाता है. आज के दिन से लोग शुभ कार्यों की शुरुआत करते हैं.

देवघर के बाबा मंदिर में अक्षय तृतीया के मौके पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ देखने को मिली. अक्षय तृतीया के दिन श्रद्धालुओं के बीच पंडा समाज की ओर से जल और फल का वितरण भी किया गया.

भगवान भोलेनाथ से बेहतर भविष्य की कामना करते हैं

अक्षय तृतीया को लेकर मंदिर के वरिष्ठ पुजारी लंबोदर परिहस्त बताते हैं कि आज के दिन बाबा मंदिर में भव्य पूजा का आयोजन होता है. गर्भ गृह में बाबा के ज्योतिर्लिंग पर मंदिर के सरदार पंडा बाबा का श्रृंगार व जलार्पण करते हैं और भगवान भोलेनाथ से पूरे देश और दुनिया के बेहतर भविष्य की कामना करते हैं.

पंडा लंबोदर परिहस्त बताते हैं कि अक्षय तृतीया के दिन किया हुआ कोई भी पुण्य कार्य का आशीर्वाद जीवन भर प्राप्त होता है. आज के दिन मंदिर आने वाले सभी भक्तों को बाबा का विशेष आशीर्वाद प्राप्त हो रहा है.

शुभ मुहूर्त के चलते अत्यधिक भीड़- पुजारी प्रमोद शृंगारी

मंदिर के पुजारी प्रमोद शृंगारी बताते हैं कि अक्षय तृतीया की शुरुआत रविवार को दोपहर 1:00 बजे के बाद से ही हो गई थी. रविवार को दोपहर 1:00 बजे से लगातार शुभ मुहूर्त चल रहा है. जिस वजह से मंदिर में भी अत्यधिक भीड़ देखने को मिल रही है.

वहीं अक्षय तृतीया को लेकर बाजार में भी खास रौनक देखने को मिल रही है. लोग अक्षय तृतीया के मौके पर सोने के जेवर खरीदते दिख रहे हैं. झारखंड के संथाल परगना के चैंबर ऑफ कॉमर्स के पदाधिकारी गोपाल कृष्ण बताते हैं कि अक्षय तृतीया के मौके पर देवघर में स्वर्ण की अच्छी खरीदारी होने की बात कही जा रही है.

समाजसेवी बाबा बलियासे ने भी श्रद्धालुओं को पानी वितरित किया

अक्षय तृतीया के मौके पर समाजसेवी बाबा बलियासे भी मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं के बीच पानी वितरित करते दिखे. बाबा मंदिर में भीषण गर्मी के बीच लोगों को पानी वितरित करने पहुंचे बाबा बलियासे ने कहा कि जिला प्रशासन और मंदिर प्रबंधन की तरफ से श्रद्धालुओं के लिए बेहतर व्यवस्था अभी तक नहीं की गई है. इसीलिए वह अपनी तरफ से श्रद्धालुओं के बीच जल का वितरण कर रहे हैं ताकि भीषण गर्मी में लोगों को कुछ राहत मिल सके.

वही अक्षय तृतीया के मौके पर मंदिर परिसर में पहुंचे श्रद्धालुओं ने कहा कि आज की भीड़ के हिसाब से जिला प्रशासन और मंदिर प्रबंधन की तैयारी नाकाफी है. श्रद्धालुओं ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि पानी के साथ जगह-जगह पंखे और कूलर की भी आवश्यकता है.

Read more

Local News