Saturday, July 11, 2026

पटना में गंगा नदी में डूबकर इंजीनियर की मौत, खुशियों से भरे घर में छाया मातम

Share

पटना के बाढ़ में गंगा स्नान के दौरान 22 वर्षीय इंजीनियर रितिक कुमार की डूबने से मौत हो गई. शादी समारोह में शामिल होने आया रितिक चाचा की शादी से ठीक पहले इस दुखद हादसे का शिकार हो गया.

 पटना के बाढ़ थाना क्षेत्र में आज सुबह एक हृदयविदारक घटना घटी. उमानाथ घाट पर गंगा स्नान के दौरान 22 वर्षीय युवक रितिक कुमार की डूबने से मौत हो गई. मिली जानकारी के अनुसार, रितिक पंचशील नगर निवासी रमेश प्रसाद का बेटा था और इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी कर चुका था.

रितिक कोलकाता से अपने चाचा की शादी में शामिल होने के लिए पटना आया था. 5 जून को शादी तय थी, लेकिन उससे पहले ही घर में मातम पसर गया. बताया गया कि हल्दी-कलश की रस्म के अगले ही दिन वह अपने तीन दोस्तों के साथ सुबह करीब 7 बजे गंगा स्नान करने गया था. नहाते-नहाते सभी गंगा के दूसरे किनारे की ओर बढ़े, तभी रितिक गहरे पानी में चला गया और डूब गया.

गोताखोरों की मदद से शव हुआ बरामद

घटना की जानकारी मिलने के बाद स्थानीय गोताखोरों की मदद ली गई. लगभग चार घंटे की मशक्कत के बाद उसका शव बरामद किया गया. परिजन तुरंत अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया.

परिवार में मचा कोहराम

इस हृदय विदारक घटना के बाद रितिक के परिवार में कोहराम मच गया है. डॉ. नन्द किशोर प्रसाद ने बताया कि घर वालों ने उसे गंगा स्नान से मना किया था, लेकिन वह दोस्तों के साथ चला गया. बीती रात शादी की रस्में हो रही थीं, लेकिन आज सबकुछ पल भर में उजड़ गया.

Read more

Local News