Saturday, May 23, 2026

नोएडा में आयोजित नेशनल रैंकिंग रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में रुद्रांश शर्मा ने दूसरी बार गोल्ड मेडल जीता है.

Share

रांची: नोएडा में आयोजित 11वीं नेशनल रैंकिंग रोलर स्केटिंग चैंपियनशिप में झारखंड के खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है. प्रतियोगिता के दूसरे दिन भी राज्य को बड़ी सफलता मिली, जब झारखंड के प्रतिभावान स्केटर रुद्रांश शर्मा ने 500+D इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया. लगातार दूसरे दिन गोल्ड मेडल जीतकर रुद्रांश ने न केवल अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया, बल्कि पूरे झारखंड को गौरवान्वित भी किया है.

प्रतियोगिता के पहले दिन भी जीता था गोल्ड

राष्ट्रीय स्तर की इस प्रतियोगिता का आयोजन 22 से 25 जून तक नोएडा में किया जा रहा है, जिसमें देशभर के कई राज्यों के खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं. कड़े मुकाबले के बीच रुद्रांश शर्मा ने अपनी बेहतरीन गति, संतुलन और तकनीकी कौशल का शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रतिस्पर्धियों को पीछे छोड़ गोल्ड मेडल हासिल किया. इससे पहले प्रतियोगिता के पहले दिन भी उन्होंने स्वर्ण पदक जीतकर झारखंड का नाम रोशन किया था.

युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा बने रुद्रांश

रुद्रांश की लगातार दूसरी स्वर्णिम सफलता के बाद रोलर स्केटिंग एसोसिएशन ऑफ झारखंड (RSAJ) में खुशी का माहौल है. खिलाड़ी की उपलब्धि पर एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्हें बधाई दी है. एसोसिएशन के अध्यक्ष विकास सिंह ने कहा कि रुद्रांश की मेहनत और समर्पण युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है.

अंतरराष्ट्रीय स्तर पर परचम लहराने की उम्मीद

उन्होंने कहा कि झारखंड के खिलाड़ी अब राष्ट्रीय स्तर पर लगातार अपनी पहचान बना रहे हैं, जो राज्य के लिए गर्व की बात है. वहीं एसोसिएशन के सचिव सुमित शर्मा ने कहा कि स्केटिंग जैसे खेलों में झारखंड के खिलाड़ियों का प्रदर्शन लगातार बेहतर हो रहा है. उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में राज्य के खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय मंचों पर भी अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे.

कोषाध्यक्ष जय प्रकाश गुप्ता और कोच प्रकाश गुप्ता ने भी रुद्रांश को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की. एसोसिएशन के सभी सम्मानित सदस्यों और पदाधिकारियों ने रुद्रांश शर्मा की इस उपलब्धि को झारखंड के खेल जगत के लिए ऐतिहासिक बताया है. खिलाड़ी की इस सफलता से राज्य के अन्य युवा खिलाड़ियों में भी उत्साह का माहौल है. खेल प्रेमियों का मानना है कि यदि इसी तरह खिलाड़ियों को प्रोत्साहन और बेहतर सुविधाएं मिलती रहीं, तो आने वाले समय में झारखंड स्केटिंग के क्षेत्र में भी राष्ट्रीय पहचान बना सकेगा.

Read more

Local News