Monday, September 21, 2026

नेहरू हॉकी कप के फाइनल तय, अंडर-17 में खूंटी-सिमडेगा और बालिका वर्ग में सिमडेगा-रांची आमने-सामने.

Share

रांची: राज्य स्तरीय जवाहरलाल नेहरू हॉकी प्रतियोगिता के दूसरे दिन अंडर-17 वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले पूरे होने के साथ खिताबी मुकाबले की तस्वीर साफ हो गई। बालक वर्ग के फाइनल में खूंटी और सिमडेगा की टीमें आमने-सामने होंगी, जबकि बालिका वर्ग में सिमडेगा और रांची के बीच ट्रॉफी के लिए मुकाबला होगा।

मुकाबले मोरहाबादी स्थित मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा हॉकी स्टेडियम और मुख्यमंत्री उत्कृष्ट विद्यालय, बरियातू में खेले गए। खिलाड़ियों ने पूरे जोश के साथ मुकाबलों में हिस्सा लिया।

अंडर-17 बालक वर्ग में खूंटी और सिमडेगा का दबदबा

क्वार्टर फाइनल में खूंटी ने धनबाद को 7-0 से हराया। लातेहार ने पश्चिमी सिंहभूम को 3-0, गुमला ने रांची को 3-0 और सिमडेगा ने सरायकेला को 6-0 से शिकस्त दी।

सेमीफाइनल में खूंटी और लातेहार के बीच मुकाबला हुआ, जिसमें खूंटी ने 5-0 की शानदार जीत दर्ज की। दूसरे सेमीफाइनल में सिमडेगा ने गुमला को 6-0 से हराकर फाइनल का टिकट कटाया।

अब अंडर-17 बालक वर्ग के खिताबी मुकाबले में खूंटी और सिमडेगा की भिड़ंत होगी।

बालिका वर्ग में रांची ने हजारीबाग को हराया

अंडर-17 बालिका वर्ग के क्वार्टर फाइनल में सिमडेगा ने पश्चिमी सिंहभूम को 11-0 से हराया। खूंटी ने लोहरदगा को 7-0, हजारीबाग ने सरायकेला को 7-0 और रांची ने जामताड़ा को 14-0 से मात देकर अंतिम चार में जगह बनाई।

सेमीफाइनल में सिमडेगा ने खूंटी को 4-1 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया। वहीं रांची और हजारीबाग के बीच दूसरा सेमीफाइनल रोमांचक रहा। रांची ने 3-2 से जीत हासिल कर खिताबी मुकाबले में अपनी जगह पक्की की।

इस तरह बालिका वर्ग के फाइनल में सिमडेगा और रांची आमने-सामने होंगी।

अंडर-15 में भी सेमीफाइनल की टीमें तय

अंडर-15 बालक वर्ग के क्वार्टर फाइनल मुकाबलों में खूंटी ने लोहरदगा को 5-0, सिमडेगा ने सरायकेला को 4-0, गुमला ने रामगढ़ को 7-0 और हजारीबाग ने चतरा को 2-0 से हराया।

इस वर्ग के सेमीफाइनल मुकाबले 21 सितंबर को खेले जाएंगे। इसी दिन फाइनल भी आयोजित किया जाएगा।

अनुशासन और खेल भावना पर दिया जोर

महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग की निदेशक किरण कुमारी पासी ने प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। उन्होंने कहा कि खेल में सिर्फ प्रदर्शन ही नहीं, बल्कि अनुशासन और खेल भावना भी महत्वपूर्ण है। उन्होंने खिलाड़ियों से आत्मविश्वास के साथ मैदान पर उतरने और अपनी प्रतिभा को निखारने की अपील की।

21 सितंबर को होगा प्रतियोगिता का समापन

राज्य स्तरीय जवाहरलाल नेहरू हॉकी प्रतियोगिता का समापन 21 सितंबर को होगा। मरांग गोमके जयपाल सिंह मुंडा एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम, मोरहाबादी में फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे।

अंतिम दिन अंडर-17 बालक और बालिका वर्ग के साथ अंडर-15 बालक वर्ग के विजेताओं का भी फैसला होगा।

Read more

Local News