रांची: झारखंड में लागू नए आपराधिक कानूनों की प्रगति और कार्यान्वयन पर अब नियमित निगरानी की जाएगी। गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग ने पुलिस मुख्यालय स्तर पर हर महीने समीक्षा बैठक आयोजित करने का निर्देश दिया है। इसका उद्देश्य नए कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन से जुड़े मामलों की लगातार समीक्षा करना है।
हर महीने दो बार होगी समीक्षा
निर्देश के मुताबिक प्रत्येक महीने की 1 और 15 तारीख को समीक्षा बैठक आयोजित की जाएगी। यदि निर्धारित तारीख को सरकारी अवकाश रहता है, तो बैठक अगले कार्यदिवस पर होगी।
बैठकों में नए आपराधिक कानूनों के क्रियान्वयन के साथ राज्य से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण विषयों की भी समीक्षा की जाएगी।
21 अगस्त को पहली बैठक
इस व्यवस्था के तहत पहली समीक्षा बैठक 21 अगस्त को सुबह 11:30 बजे आयोजित की जाएगी। बैठक की अध्यक्षता गृह, कारा एवं आपदा प्रबंधन विभाग के अपर मुख्य सचिव करेंगे।
आईजी अभियान को मिली जिम्मेदारी
बैठक की तैयारियों और विभिन्न विभागों के बीच समन्वय के लिए आईजी अभियान नरेंद्र कुमार सिंह को नोडल अधिकारी बनाया गया है। उन्हें संबंधित अधिकारियों से संपर्क कर बैठक की आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी दी गई है।
कई विभागों के अधिकारी होंगे शामिल
समीक्षा बैठक की जानकारी पुलिस महानिदेशक, अपर पुलिस महानिदेशक, पुलिस महानिरीक्षकों सहित अभियोजन निदेशालय, विधि विज्ञान प्रयोगशाला और NIC-CJIS से जुड़े अधिकारियों को भी भेजी गई है।
नियमित बैठकों के जरिए नए आपराधिक कानूनों के लागू होने के बाद सामने आ रही व्यावहारिक चुनौतियों, पुलिस कार्रवाई और संबंधित प्रक्रियाओं की स्थिति पर लगातार नजर रखने की कोशिश की जाएगी।
