Monday, August 17, 2026

धनबाद में होमगार्ड भर्ती के चयनित उम्मीदवारों का सत्यापन शुरू, 1 सितंबर को मिलेगा अंतिम मौका.

Share

धनबाद: जिले में होमगार्ड भर्ती परीक्षा में चयनित अभ्यर्थियों के दस्तावेज सत्यापन और मेडिकल जांच की प्रक्रिया सोमवार से शुरू हो गई। पहले चरण में पूर्वी टुंडी प्रखंड के चयनित उम्मीदवारों का समाहरणालय में सत्यापन किया गया।

उपायुक्त आदित्य रंजन ने बताया कि जिन अभ्यर्थियों को निर्धारित तिथि पर मेडिकल जांच या दस्तावेज सत्यापन में शामिल होने में परेशानी हुई है, उन्हें 1 सितंबर को अंतिम अवसर दिया जाएगा। मंगलवार को टुंडी और बलियापुर प्रखंड के चयनित अभ्यर्थियों की जांच की जाएगी।

मूल प्रमाणपत्र लेकर पहुंचना जरूरी

प्रशासन के अनुसार सत्यापन के समय उम्मीदवारों को आवेदन के दौरान जमा किए गए सभी प्रमाणपत्रों की मूल प्रति, उनकी स्व-अभिप्रमाणित छायाप्रति और चार पासपोर्ट साइज रंगीन फोटो के साथ स्वयं उपस्थित होना अनिवार्य है।

मेडिकल जांच और दस्तावेज सत्यापन के लिए प्रशासन ने चार अलग-अलग जांच टीमें गठित की हैं। अधिकारियों के मुताबिक पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों के तहत पारदर्शी तरीके से कराई जा रही है।

फर्जी दस्तावेज पर होगी कानूनी कार्रवाई

उपायुक्त ने स्पष्ट किया कि यदि किसी उम्मीदवार द्वारा फर्जी प्रमाणपत्र प्रस्तुत करने या भर्ती प्रक्रिया में किसी तरह की धोखाधड़ी करने की कोशिश की जाती है, तो उसके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे मामलों में झारखंड प्रतियोगी परीक्षा अधिनियम, 2023 और भारतीय न्याय संहिता (BNS), 2023 के तहत कार्रवाई का प्रावधान लागू होगा।

उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन ने होमगार्ड भर्ती परीक्षा को पारदर्शी तरीके से पूरा कराया है और आगे की मेडिकल एवं दस्तावेज जांच भी इसी व्यवस्था के तहत संपन्न कराई जाएगी।

सत्यापन प्रक्रिया के दौरान होमगार्ड कमांडेंट सूर्यकांत कुमार, मेडिकल टीम के डॉ. अमन चिराग, डॉ. एसके गुप्ता, सीएचओ विजाला कुमारी समेत अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Read more

Local News