Saturday, September 12, 2026

धनबाद में SIR प्रक्रिया की समीक्षा, आयुक्त ने कहा- हर पात्र मतदाता का नाम सूची में रहे.

Share

धनबाद: उत्तरी छोटानागपुर के आयुक्त विजय कुमार गुप्ता ने शनिवार को धनबाद समाहरणालय सभागार में जिले के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में चल रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) कार्य की समीक्षा की। बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि और जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

बैठक के दौरान SIR की प्रगति, दावा-आपत्ति की प्रक्रिया और मतदाताओं को आ रही समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि पुनरीक्षण के दौरान किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से छूटने नहीं पाए।

पारदर्शी और समावेशी मतदाता सूची पर जोर

आयुक्त ने कहा कि SIR का उद्देश्य त्रुटिरहित, पारदर्शी और समावेशी मतदाता सूची तैयार करना है। उन्होंने अधिकारियों से पूरी प्रक्रिया में विशेष सतर्कता बरतने को कहा।

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने दावा-आपत्ति दर्ज कराने की अवधि बढ़ाने की मांग रखी। साथ ही जरूरी प्रमाण पत्र उपलब्ध कराने की प्रक्रिया को आसान बनाने का सुझाव दिया गया। प्रतिनिधियों का कहना था कि प्रक्रिया जटिल होने पर आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

कई वर्गों के पात्र मतदाताओं का मुद्दा उठा

बैठक में सीमावर्ती राज्यों से विवाह के बाद धनबाद आई महिलाओं, खटालों में रहने वाले लोगों और नेपाली समुदाय के पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल करने का विषय भी उठाया गया।

राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों ने कहा कि SIR के दौरान किसी भी पात्र मतदाता का नाम सूची से नहीं हटना चाहिए। इस पर आयुक्त ने सभी प्रतिनिधियों से अपने सुझाव लिखित रूप में देने को कहा, ताकि उन्हें निर्वाचन आयोग के समक्ष भेजा जा सके।

घर-घर सत्यापन के निर्देश

दावा-आपत्ति के मामलों के निपटारे के लिए जरूरत के अनुसार बीएलओ को नोटिस तामिल कराने और घर-घर जाकर सत्यापन करने का निर्देश दिया गया। दावा-आपत्ति की अवधि पूरी होने के बाद प्रथम और द्वितीय सुनवाई की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

प्रशासन के अनुसार, पूरी प्रक्रिया के बाद नवंबर तक मतदाता सूची के अंतिम प्रकाशन का लक्ष्य रखा गया है।

Read more

Local News