दिल्ली में पश्चिम बंगाल कांग्रेस संगठन को लेकर मंथन, हाईलेवल बैठक में शामिल हुईं अंबा प्रसाद
Hazaribagh: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी (AICC) की राष्ट्रीय सचिव और पूर्व विधायक अंबा प्रसाद ने नई दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में आयोजित पश्चिम बंगाल कांग्रेस संगठन की समीक्षा बैठक में हिस्सा लिया। बैठक का उद्देश्य राज्य में पार्टी संगठन को अधिक मजबूत और सक्रिय बनाने की रणनीति तैयार करना था।
बैठक की अध्यक्षता AICC के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने की। इसमें पश्चिम बंगाल कांग्रेस के प्रभारी प्रकाश जोशी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष शुभंकर सरकार सहित कई वरिष्ठ नेताओं ने राज्य की मौजूदा राजनीतिक परिस्थितियों और संगठन विस्तार को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया। खासतौर पर बूथ स्तर तक संगठन को सुदृढ़ करने और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया गया।
बैठक के दौरान अंबा प्रसाद ने भी अपने सुझाव साझा किए। उन्होंने कहा कि संगठन की मजबूती के लिए जमीनी स्तर पर कार्यकर्ताओं को अधिक जिम्मेदारी देना और जनता के साथ लगातार संवाद बनाए रखना आवश्यक है। साथ ही उन्होंने आगामी राजनीतिक चुनौतियों का संगठित रूप से सामना करने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
इस अवसर पर संगठन विभाग के प्रभारी चल्ला वंशी चंद रेड्डी, संगठन सचिव नेट्टा डिसूजा, संगठन सचिव नवीन शर्मा, कर्नाटक के सांसद सशिकांत सेंथिल समेत कई वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।
बैठक के बाद अंबा प्रसाद ने कहा कि कांग्रेस जनता से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देती रही है और पश्चिम बंगाल में संगठन को और अधिक मजबूत बनाकर लोगों के विश्वास को बढ़ाने की दिशा में लगातार कार्य किया जाएगा। उन्होंने विश्वास जताया कि कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका से पार्टी को नई ऊर्जा मिलेगी और संगठनात्मक ढांचा और सशक्त होगा।
