Monday, November 2, 2026

टाटा स्टील की दो कोलियरियों को मिला 5-स्टार सम्मान, सुरक्षित और उत्कृष्ट खनन में बनाई पहचान

Share

Dhanbad News: टाटा स्टील के झरिया डिवीजन ने खनन क्षेत्र में शानदार प्रदर्शन करते हुए राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी उपलब्धि हासिल की है। डिवीजन की भेलाटांड़ अमलगैमेटेड कोलियरी और सिजुआ कोलियरी को आकलन वर्ष 2024-25 के लिए भूमिगत खदान श्रेणी में प्रतिष्ठित 5-स्टार रेटिंग प्रदान की गई है। यह सम्मान खदानों में सुरक्षा, बेहतर प्रबंधन और वैज्ञानिक खनन के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य के लिए दिया गया है।

2 नवंबर को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में कोयला मंत्रालय की ओर से स्टार रेटिंग अवॉर्ड्स फॉर कोल एंड लिग्नाइट माइंस समारोह आयोजित किया गया। इसी कार्यक्रम में टाटा स्टील की दोनों कोलियरियों को सम्मानित किया गया।

केंद्रीय मंत्री ने प्रदान किया सम्मान

समारोह में टाटा स्टील झरिया डिवीजन के जनरल मैनेजर नरेंद्र कुमार गुप्ता, सिजुआ कोलियरी के हेड संजीव कुमार ठाकुर और अधिकारियों की टीम ने केंद्रीय कोयला एवं खान राज्य मंत्री सतीश चंद्र दुबे के हाथों पुरस्कार प्राप्त किया।

इस उपलब्धि पर जनरल मैनेजर नरेंद्र कुमार गुप्ता ने अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि झरिया डिवीजन में कर्मचारियों की सुरक्षा हमेशा सर्वोच्च प्राथमिकता रही है। यह सम्मान पूरी टीम की मेहनत, आपसी तालमेल और अनुशासित कार्यशैली का नतीजा है।

उन्होंने कहा कि डिवीजन सुरक्षित, पर्यावरण अनुकूल और टिकाऊ खनन व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए लगातार प्रयासरत है।

देश की 382 खदानों ने लिया था हिस्सा

इस वर्ष स्टार रेटिंग के लिए देशभर की 382 खदानों ने भागीदारी की थी। इनमें से सिर्फ 50 खदानों को ही 5-स्टार रेटिंग हासिल हुई। वहीं, कुल 140 भूमिगत खदानों में केवल 15 खदानें इस प्रतिष्ठित श्रेणी में जगह बना सकीं।

पिछले वर्ष सिजुआ कोलियरी को 4-स्टार रेटिंग मिली थी, जबकि भेलाटांड़ को पहले ही 5-स्टार रेटिंग प्राप्त हो चुकी थी। इस बार दोनों कोलियरियों ने सर्वोच्च रेटिंग हासिल कर अपनी उपलब्धि को और मजबूत किया है।

इन मानकों पर होता है खदानों का मूल्यांकन

कोयला मंत्रालय की स्टार रेटिंग व्यवस्था के तहत खदानों के प्रदर्शन की जांच कई महत्वपूर्ण मानकों पर की जाती है। इसमें मुख्य रूप से सुरक्षा व्यवस्था, वैज्ञानिक तरीके से खनन, पर्यावरण संरक्षण, आधुनिक तकनीक का उपयोग और सतत विकास को प्राथमिकता दी जाती है।

इस रेटिंग प्रणाली का मकसद खनन उद्योग में सुरक्षित कार्य संस्कृति विकसित करना और खदानों के संचालन की गुणवत्ता में सुधार लाना है।

Bharat Superfast News | Dhanbad

Read more

Local News