Tuesday, July 21, 2026

झारखंड राज्य कुश्ती संघ की विशेष बैठक में नए बायलॉज को मंजूरी, 2026-30 कार्यकाल के चुनाव का रास्ता साफ.

Share

रांची: झारखंड राज्य कुश्ती संघ की विशेष आमसभा (स्पेशल जनरल बॉडी) की बैठक रविवार को रांची में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के उपाध्यक्ष अमरनाथ सिंह ने की, जिसमें संगठन के नए बायलॉज और आगामी चुनाव प्रक्रिया से जुड़े महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।

बैठक में राष्ट्रीय खेल अधिनियम-2025, राष्ट्रीय खेल नीति तथा भारतीय कुश्ती संघ के दिशा-निर्देशों के अनुरूप तैयार किए गए नए बायलॉज को सर्वसम्मति से स्वीकृति प्रदान की गई। इसके साथ ही वर्ष 2026-30 के कार्यकाल के लिए राज्य कुश्ती संघ का चुनाव कराने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।

बैठक में राज्य के सभी 24 जिलों से महिला और पुरुष प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इसके अलावा संघ की कार्यकारिणी समिति के सदस्य भी मौजूद रहे। इस दौरान नए बायलॉज के विभिन्न प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की गई और सभी सदस्यों की सहमति से उन्हें स्वीकार किया गया।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि राष्ट्रीय खेल अधिनियम-2025 के प्रावधानों के अनुसार चुनाव प्रक्रिया पूरी की जाएगी। इसके लिए जिला इकाइयों को निर्धारित नियमों के तहत अपनी-अपनी कार्यकारिणी समितियों का गठन करने के निर्देश दिए गए हैं। संघ के पदाधिकारियों का मानना है कि नई चुनाव प्रणाली और संशोधित संविधान से संगठन में पारदर्शिता बढ़ेगी तथा खिलाड़ियों को बेहतर अवसर मिलेंगे।

संघ के महासचिव रजनीश कुमार ने कहा कि नए बायलॉज राष्ट्रीय खेल नीति-2025 और भारतीय कुश्ती संघ के दिशा-निर्देशों को ध्यान में रखकर तैयार किए गए हैं। उन्होंने जिला इकाइयों से अपील की कि वे निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार जल्द चुनाव कर अपनी कार्यकारिणी का गठन करें, ताकि राज्य स्तर का चुनाव भी समय पर संपन्न कराया जा सके।

उन्होंने यह भी कहा कि नए बायलॉज लागू होने के बाद संघ का संचालन खेल प्रशासन के आधुनिक मानकों के अनुरूप होगा, जिससे पारदर्शिता, जवाबदेही और खिलाड़ियों के हितों को प्राथमिकता मिलेगी। बैठक के समापन पर उपस्थित सदस्यों ने झारखंड में कुश्ती खेल के विकास और संगठन को और मजबूत बनाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।

Read more

Local News