रांची: झारखंड में मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. मौसम केंद्र, रांची के पूर्वानुमान के अनुसार 23 जून को राज्य के अधिकांश हिस्सों में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे. कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के साथ मेघ गर्जन और वज्रपात की संभावना है. इस दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं भी चल सकती हैं.
मंगलवार को इन इलाकों में बारिश के आसार
मौसम केंद्र के मुताबिक उत्तर-पश्चिमी झारखंड को छोड़कर राज्य के अधिकांश हिस्सों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं. रांची, बोकारो, धनबाद, रामगढ़, हजारीबाग, कोडरमा, गिरिडीह, खूंटी, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, देवघर, दुमका, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज समेत कई जिलों में मेघ गर्जन और तेज हवाओं का असर देखने को मिल सकता है. लोगों को खराब मौसम के दौरान खुले मैदानों और पेड़ों के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी गई है.

24 जून को कहीं बारिश तो कहीं हीट वेव की संभावना
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार अगले कुछ दिनों तक राज्य में बादल और बारिश की गतिविधियां बनी रह सकती हैं. हालांकि उत्तर-पश्चिमी झारखंड के कुछ इलाकों में गर्मी का असर भी बढ़ने की संभावना है. 24 जून को राज्य के उत्तर-पश्चिमी और उससे सटे उत्तर-मध्य हिस्सों को छोड़कर अधिकांश क्षेत्रों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. कई स्थानों पर गर्जन और तेज हवाएं चलने के भी आसार हैं.
इसके साथ ही 24 जून को पलामू, गढ़वा और चतरा जिले में हीट वेव यानी उष्ण लहर चलने की संभावना जताई गई है. इन जिलों में दिन के समय तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है और गर्म हवाएं लोगों को परेशान कर सकती हैं. मौसम विभाग ने इन इलाकों के लोगों को दोपहर के समय धूप में निकलने से बचने और पर्याप्त मात्रा में पानी पीने की सलाह दी है.

25 जून को कैसा रहेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 25 जून को भी राज्य के कई हिस्सों में मौसम का यही रुख बना रह सकता है. आंशिक बादल छाए रहने के साथ कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश, मेघ गर्जन और तेज हवाएं चलने की संभावना है. वहीं पलामू, गढ़वा और चतरा में गर्मी का असर जारी रह सकता है.
डाल्टनगंज रहा सबसे ज्यादा गर्म
झारखंड में मानसूनी गतिविधियों के प्रभाव से 22 जून को अधिकांश जिलों में तापमान सामान्य से कम दर्ज किया गया. राज्य के कई हिस्सों में बादल छाए रहने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली. हालांकि पलामू क्षेत्र का डालटनगंज सबसे गर्म स्थान रहा. जहां अधिकतम तापमान 37.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया.
ज्यादातर जिलों में सामान्य से कम तापमान
मौसम केंद्र, रांची के आंकड़ों के अनुसार राजधानी रांची का अधिकतम तापमान 28.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.5 डिग्री कम है. वहीं जमशेदपुर में 31.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जो सामान्य से 2.7 डिग्री नीचे रहा. चाईबासा में अधिकतम तापमान 30.8 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, जो सामान्य से 2 डिग्री कम है. बोकारो में अधिकतम तापमान 36.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि डालटनगंज में 37.1 डिग्री सेल्सियस के साथ राज्य का सबसे अधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया. डालटनगंज एकमात्र प्रमुख केंद्र रहा, जहां तापमान सामान्य से 1.5 डिग्री अधिक दर्ज किया गया.
ऑटोमेटेड वेदर स्टेशन के आंकड़ों पर नजर डालें तो कोडरमा में 36.6 डिग्री, हजारीबाग में 35.8 डिग्री, देवघर में 34.9 डिग्री, पाकुड़ में 34.7 डिग्री और दुमका में 33.7 डिग्री सेल्सियस अधिकतम तापमान दर्ज किया गया. वहीं खूंटी, रांची, लातेहार और सिमडेगा जैसे जिलों में तापमान 30 डिग्री सेल्सियस के आसपास या उससे नीचे बना रहा. तापमान के सामान्य से कम रहने का असर पश्चिमी और दक्षिणी जिलों में ज्यादा देखने को मिला. पश्चिमी सिंहभूम के जगन्नाथपुर में 13.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो राज्य में सबसे अधिक रही. इसके अलावा सिमडेगा के बानो क्षेत्र में 10 मिमी और खूंटी में 4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई.


