रांची। राज्य में राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान के तहत कार्यरत लगभग 43 हजार सहिया को इस बार नियमित रूप से पारिश्रमिक की राशि मिलेगी। स्वास्थ्य विभाग ने चालू वित्तीय वर्ष के लिए इनकी पारिश्रमिक की राशि के रूप में 108 करोड़ 34 लाख 65 हजार रुपये की स्वीकृति देते हुए राशि जारी कर दी है।
इस राशि से सहिया के अलावा सहिया साथी, प्रखंड प्रशिक्षक दल तथा राज्य प्रशिक्षक दल को प्रतिमाह पारिश्रमिक राशि का भुगतान होगा।
राज्य सरकार सहिया एवं अन्य कर्मियों को राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान के तहत स्वीकृत राशि के अलावा अतिरिक्त राशि प्रदान करती है। जैसे, सहिया को राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान के तहत प्रतिमाह दो हजार रुपये पारिश्रमिक का भुगतान किया जाता है।
इसमें राज्य सरकार अतिरिक्त दो हजार रुपये का भुगतान करती है। इसी तरह, सहिया साथी के लिए प्रतिदिन (माह में 24 दिन के लिए) के हिसाब से 375 रुपये स्वीकृत है।
इसमें राज्य सरकार 50 रुपये का अतिरिक्त राशि वहन करती है। वहीं, प्रखंड प्रशिक्षक दल तथा राज्य प्रशिक्षक दल को क्रम: 650 रुपये तथा 850 रुपये प्रतिदिन (माह में 24 दिन के लिए) के हिसाब से भुगतान किया जाता है।
इसमें राज्य सरकार अतिरिक्त क्रमश: 80 रुपये तथा 100 रुपये भुगतान करती है। झारखंड स्वास्थ्य प्रहरी योजना के तहत राज्य सरकार यह अतिरिक्त राशि का भुगतान करती है।बताते चलें कि सहिया को विभिन्न कार्यक्रमों में लाभुकों की संख्या के हिसाब से भी निर्धारित राशि राष्ट्रीय स्वास्थ्य अभियान के तहत दी जाती है।


