रांचीः झारखंड टी20 क्रिकेट लीग का पहला सीजन अब केवल राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता तक सीमित नहीं रह गया है. टूर्नामेंट ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) फ्रेंचाइजी की भी दिलचस्पी आकर्षित की है.
इसी कड़ी में मुंबई इंडियंस (MI) और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के टैलेंट स्काउट्स रांची पहुंचे और जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में खिलाड़ियों के प्रदर्शन का जायजा लिया.
मुंबई इंडियंस की ओर से भारत के पूर्व विकेटकीपर-बल्लेबाज नमन ओझा, जबकि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की ओर से घरेलू क्रिकेट के अनुभवी खिलाड़ी गोकुल शर्मा मैच देखने पहुंचे. उनकी मौजूदगी इस बात का संकेत है कि झारखंड टी20 लीग अब उभरते खिलाड़ियों के लिए राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का महत्वपूर्ण मंच बनती जा रही है.
झारखंड राज्य क्रिकेट संघ (JSCA) की पहल पर शुरू हुई इस लीग को पहले ही सीजन में खिलाड़ियों, दर्शकों और कॉर्पोरेट जगत का अच्छा समर्थन मिला है. विश्व कप विजेता कप्तान महेंद्र सिंह धोनी की मौजूदगी में शुरू हुए इस टूर्नामेंट ने शुरुआत से ही क्रिकेट प्रेमियों का ध्यान अपनी ओर खींचा है. लगातार रोमांचक मुकाबलों और युवा खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन ने लीग की लोकप्रियता को और बढ़ाया है.
इस टूर्नामेंट के दौरान कई युवा खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया है. शरनदीप सिंह, राजनदीप सिंह, प्रिंस अनुराग मुर्मू और सुप्रियो चक्रवर्ती जैसे खिलाड़ियों ने लगातार बेहतर खेल दिखाकर चयनकर्ताओं और स्काउट्स का ध्यान आकर्षित किया है. माना जा रहा है कि इनमें से कई खिलाड़ियों को भविष्य में बड़े मंच पर अवसर मिल सकते हैं
मुंबई इंडियंस के स्काउट नमन ओझा ने लीग के आयोजन और खिलाड़ियों की प्रतिभा की सराहना करते हुए कहा कि झारखंड में टूर्नामेंट का आयोजन काफी पेशेवर तरीके से किया जा रहा है. यहां की विकेटों की गुणवत्ता भी अच्छी है और खिलाड़ियों में आगे बढ़ने का जज्बा साफ दिखाई देता है. उन्होंने कहा कि राज्य में प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है और कई खिलाड़ी भविष्य में बड़े स्तर पर खेलते नजर आ सकते हैं.
वहीं, आरसीबी के स्काउट गोकुल शर्मा ने कहा कि फ्रेंचाइजी लगातार नए और बेहतर घरेलू खिलाड़ियों की तलाश में रहती है. इसी उद्देश्य से विभिन्न राज्यों की लीगों पर नजर रखी जा रही है. उन्होंने कहा कि झारखंड क्रिकेट लगातार आगे बढ़ रहा है और यहां के खिलाड़ियों में अच्छी संभावनाएं दिखाई दे रही हैं.
JSCA अध्यक्ष अजय नाथ शाहदेव ने इसे झारखंड क्रिकेट के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया. उन्होंने कहा कि लीग का उद्देश्य राज्य के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को पेशेवर मंच उपलब्ध कराना और उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर देना है. उन्होंने उम्मीद जताई कि यह प्रतियोगिता आने वाले वर्षों में और मजबूत होगी.
JSCA के सचिव एवं पूर्व भारतीय क्रिकेटर सौरव तिवारी ने कहा कि यह लीग युवा खिलाड़ियों को अनुभवी क्रिकेटरों के साथ खेलने और अपनी क्षमता दिखाने का अवसर दे रही है. वहीं, पूर्व भारतीय क्रिकेटर और JSCA के मानद संयुक्त सचिव शाहबाज नदीम ने कहा कि आईपीएल स्काउट्स की मौजूदगी खिलाड़ियों के लिए बड़ा अवसर है और इससे झारखंड के क्रिकेटरों को राष्ट्रीय पहचान मिलने का रास्ता और आसान होगा.
झारखंड टी20 लीग के पहले सीजन में आईपीएल फ्रेंचाइजी की मौजूदगी ने यह संकेत दे दिया है कि राज्य का क्रिकेट अब नई ऊंचाइयों की ओर बढ़ रहा है और यहां से निकलने वाली प्रतिभाएं भविष्य में देश की बड़ी क्रिकेट लीगों में नजर आ सकती हैं.


