Tuesday, June 23, 2026

झारखंड टी20 क्रिकेट लीग 2026 के सेमीफाइनल मुकाबलों में छोटानागपुर रॉयल्स और जमशेदपुर स्टीलर्स ने शानदार जीत दर्ज करते हुए फाइनल में प्रवेश कर लिया है.

Share

रांचीः झारखंड टी20 क्रिकेट लीग 2026 के सेमीफाइनल मुकाबलों में छोटानागपुर रॉयल्स और जमशेदपुर स्टीलर्स ने शानदार जीत दर्ज करते हुए फाइनल में प्रवेश कर लिया है.

रांची के जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में खेले गए दोनों मुकाबलों में बल्लेबाजों का दबदबा देखने को मिला. अब 23 जून को लीग के पहले संस्करण के खिताबी मुकाबले में दोनों टीमों के बीच भिड़ंत होगी.

पहले सेमीफाइनल में जमशेदपुर स्टीलर्स ने लीग चरण में शीर्ष पर रही कोयलांचल सुपर किंग्स को 79 रन से हराकर बड़ा उलटफेर किया. पहले बल्लेबाजी करते हुए स्टीलर्स की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम 5.2 ओवर में 47 रन पर दो विकेट गंवा चुकी थी. इसके बाद कुमार करण और रवि शर्मा ने पारी को संभालते हुए आक्रामक बल्लेबाजी की. दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए नाबाद 203 रन जोड़कर टीम को 20 ओवर में दो विकेट पर 250 रन के विशाल स्कोर तक पहुंचाया.

Chotanagpur Royals and Jamshedpur Steelers reach Jharkhand T20 Cricket League final

कुमार करण ने 63 गेंदों में नाबाद 143 रन की रिकॉर्डतोड़ पारी खेली, जो इस लीग का अब तक का सर्वोच्च व्यक्तिगत स्कोर है. वहीं रवि शर्मा ने 46 गेंदों में नाबाद 81 रन बनाए. कोयलांचल सुपर किंग्स की ओर से हर्ष राज और जुनैद अशरफ को एक-एक विकेट मिला.

251 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी कोयलांचल सुपर किंग्स की टीम दबाव में नजर आई. कप्तान उत्कर्ष सिंह ने अकेले संघर्ष करते हुए 46 गेंदों पर 101 रन की शानदार शतकीय पारी खेली लेकिन दूसरे छोर से उन्हें सहयोग नहीं मिला. रॉबिन मिंज 14 रन बनाकर दूसरे सर्वोच्च स्कोरर रहे. पूरी टीम 17.3 ओवर में 171 रन पर सिमट गई. स्टीलर्स की ओर से प्रतीक रंजन और मो. कौनेन कुरैशी ने तीन-तीन विकेट लिए, जबकि अमन कुमार सिंह ने दो विकेट झटके. कुमार करण को उनकी विस्फोटक पारी के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.

दूसरे सेमीफाइनल में रांची टाइटन्स ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में आठ विकेट पर 220 रन बनाए. श्रेष्ठ ने 36 गेंदों में 62 रन की शानदार पारी खेली. इसके अलावा आर्यन हुड्डा (29), प्रियांशु चौबे (24), राजदीप सिंह (24) और कुमार अंकित (23) ने उपयोगी योगदान दिया. छोटानागपुर रॉयल्स की ओर से विकास सिंह ने तीन विकेट हासिल किए, जबकि सुप्रियो चक्रवर्ती और राहुल रजक ने दो-दो विकेट चटकाए.

Chotanagpur Royals and Jamshedpur Steelers reach Jharkhand T20 Cricket League final

221 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी छोटानागपुर रॉयल्स ने आक्रामक अंदाज में बल्लेबाजी की. मो. नाजिम सिद्दीकी और कप्तान विराट सिंह ने पहले विकेट के लिए 97 रन जोड़कर जीत की मजबूत नींव रखी. सिद्दीकी ने 19 गेंदों पर 43 रन बनाए, जबकि विराट सिंह ने 43 गेंदों में 77 रन की कप्तानी पारी खेली. इसके बाद कुमार कुशाग्रा ने 26 गेंदों में 58 रन की तूफानी पारी खेली और श्रेष्ठ सागर ने नाबाद 27 रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाया. रॉयल्स ने 17.2 ओवर में तीन विकेट खोकर 221 रन बनाते हुए सात विकेट से मुकाबला जीत लिया. विराट सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार मिला.

अब झारखंड टी20 क्रिकेट लीग 2026 का फाइनल मुकाबला 23 जून को शाम 6 बजे जेएससीए इंटरनेशनल स्टेडियम कॉम्प्लेक्स में खेला जाएगा. मैच का सीधा प्रसारण डीडी स्पोर्ट्स पर और लाइव स्ट्रीमिंग जियो हॉटस्टार पर होगी. दर्शकों के लिए स्टेडियम में प्रवेश निशुल्क रखा गया है.

Table of contents [hide]

Read more

Local News