रांची: झारखंड में मौसम ने करवट ली है. शनिवार को मौसम का मिजाज बदला-बदला नजर आया. रांची स्थित मौसम केंद्र के मुताबिक, उत्तर-पूर्वी, मध्य और दक्षिणी झारखंड के कई हिस्सों में आंशिक बादल छाए रहेंगे और कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज-चमक देखने को मिल सकती है.
आज इन जिलों के लिए अलर्ट
शनिवार के लिए खासतौर पर अलर्ट जारी किया गया है. उत्तर-पूर्वी झारखंड के देवघर, दुमका, गिरिडीह, गोड्डा, जामताड़ा, पाकुड़ और साहिबगंज जिलों में गरज के साथ तेज हवाएं चलने और वज्रपात की आशंका है. वही मध्य झारखंड के रांची, बोकारो, हजारीबाग, रामगढ़, लोहरदगा, खूंटी, गुमला, कोडरमा और धनबाद में भी मौसम का असर देखने को मिलेगा. दक्षिणी झारखंड के पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सिमडेगा और सरायकेला-खरसावां जिलों में भी 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चल सकती है और बिजली गिरने का खतरा बना हुआ है.

कल से और ज्यादा सक्रिय होगा मौसम
आने वाले दिनों की बात करें तो 26 से 28 अप्रैल के बीच मौसम और ज्यादा सक्रिय रहेगा. राज्य के कई हिस्सों में लगातार बादल छाए रहेंगे और हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है. 26 और 27 अप्रैल को कुछ इलाकों में हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंचने और ओलावृष्टि की भी संभावना जताई गई है. 29 और 30 अप्रैल को भी मौसम पूरी तरह साफ नहीं होगा. कई जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाओं का असर जारी रह सकता है. इस दौरान तापमान में भी गिरावट देखने को मिलेगी और अगले कुछ दिनों में अधिकतम तापमान 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ सकता है.

पिछले 24 घंटे में तापमान का हाल
पिछले 24 घंटे में राज्य के कई जिलों में तापमान सामान्य से काफी ऊपर दर्ज किया गया है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी का सामना करना पड़ रहा है. सबसे ज्यादा तापमान डाल्टनगंज में रिकॉर्ड किया गया, जहां पारा 43.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो सामान्य से 2.8 डिग्री अधिक है.
इसके अलावा बोकारो थर्मल में 43.5 डिग्री के साथ तापमान सामान्य से 4.0 डिग्री ऊपर रहा, जो राज्य में सबसे ज्यादा विचलन माना जा रहा है. चाईबासा में भी तापमान 42.4 डिग्री दर्ज हुआ, जो सामान्य से 3.8 डिग्री ज्यादा है. जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 41.1 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.4 डिग्री अधिक है जबकि राजधानी रांची में पारा 39.6 डिग्री तक पहुंच गया, जो सामान्य से 2.6 डिग्री ज्यादा दर्ज किया गया.


