जामताड़ा: आम लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए मंगलवार को डीसी आलोक कुमार ने अपने कार्यालय कक्ष में जनता दरबार आयोजित किया। इसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों से आए 45 से अधिक फरियादियों ने अपनी समस्याएं और शिकायतें रखीं। कुछ मामलों का मौके पर ही निपटारा किया गया, जबकि अन्य आवेदनों को कार्रवाई के लिए संबंधित विभागों के पास भेजा गया।
डीसी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि लंबित मामलों की जांच कर एक सप्ताह के भीतर उनका निष्पादन करें और कार्रवाई की रिपोर्ट सौंपें।
आवास, पेंशन और मुआवजे से जुड़े मामले आए
जनता दरबार में कन्यादान योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, अंबेडकर आवास, भू-अर्जन मुआवजा, बिजली बिल में गड़बड़ी, पेंशन, राशन कार्ड, आधार कार्ड में सुधार और अतिक्रमण सहित कई मुद्दों से संबंधित आवेदन प्राप्त हुए।
डीसी ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक मामले की जांच कर नियमों के अनुसार आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बुजुर्ग महिला ने परिजनों पर लगाया प्रताड़ना का आरोप
जनता दरबार में एक बुजुर्ग महिला ने अपने परिजनों पर प्रताड़ित करने और घर से बाहर निकालने की शिकायत की। मामले को गंभीरता से लेते हुए डीसी ने एसडीओ को सीनियर सिटीजन एक्ट के तहत आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जियो टावर लगाने के नाम पर दस्तखत कराने की शिकायत
एक अन्य बुजुर्ग महिला ने आरोप लगाया कि जमीन पर जियो टावर लगाने के नाम पर उससे दस्तखत कराए गए, लेकिन बाद में उसे इसका लाभ नहीं मिला। शिकायत पर डीसी ने संबंधित अधिकारी को पूरे मामले की जांच करने का निर्देश दिया।
उन्होंने टावर की अनुमति समेत इससे जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर विस्तृत रिपोर्ट उपलब्ध कराने को कहा।
डीसी ने कहा- लोगों को कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें
डीसी आलोक कुमार ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि आम लोगों की शिकायतों के निपटारे में अनावश्यक देरी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि लोगों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए बार-बार सरकारी कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें, यह सुनिश्चित किया जाए।
उन्होंने सभी प्राप्त आवेदनों पर नियमसम्मत और त्वरित कार्रवाई करने तथा तय समयसीमा में मामलों का समाधान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
