Monday, September 28, 2026

जमशेदपुर सड़क हादसे के बाद परिवहन विभाग सक्रिय, गलत पार्किंग पर कार्रवाई के निर्देश.

Share

रांची: जमशेदपुर के सोनारी मरीन ड्राइव स्थित दोमुहानी में हुए सड़क हादसे के बाद सड़क सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग सक्रिय नजर आ रहा है। 24 सितंबर की देर रात सड़क किनारे खड़े ट्रक से कार की टक्कर में चार युवाओं की मौत के बाद गलत पार्किंग और ब्रेकडाउन वाहनों की सुरक्षित व्यवस्था को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

इसी को देखते हुए परिवहन मंत्री दीपक बिरुआ ने लोगों से मुख्य सड़कों और सहायक मार्गों पर वाहन खड़ा नहीं करने की अपील की है। उन्होंने सभी जिलों के उपायुक्तों से सड़क सुरक्षा अभियान में जिला परिवहन पदाधिकारी (DTO) और मोटर व्हीकल इंस्पेक्टर (MVI) की सेवाएं लेने को कहा है।

सड़क पर वाहन पार्क करने पर होगी कार्रवाई

परिवहन मंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी संदेश में कहा कि मुख्य सड़क या सहायक सड़क पर वाहन खड़ा करने से यातायात प्रभावित होता है और दुर्घटना की आशंका बढ़ती है।

उन्होंने गैराज और वॉशिंग सेंटर संचालकों के साथ आम लोगों और युवाओं से भी सड़क किनारे वाहन खड़ा नहीं करने की अपील की। मंत्री ने कहा कि सड़क पर गलत तरीके से वाहन पार्क किए जाने पर कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने लोगों से अपील की कि यदि किसी सड़क या जिले में गलत पार्किंग दिखाई देती है, तो इसकी जानकारी संबंधित अधिकारियों तक पहुंचाएं। मंत्री ने कहा कि सड़क सुरक्षा से जुड़े इस विषय पर वह स्वयं भी नजर रखेंगे।

बोकारो में सड़क किनारे खड़े ट्रकों पर भी संज्ञान

परिवहन मंत्री ने बोकारो में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे कतार में खड़े ट्रकों की शिकायत पर भी संज्ञान लिया है। एक व्यक्ति ने सोशल मीडिया के माध्यम से मंत्री को टैग कर सड़क किनारे खड़े ट्रकों की तस्वीर साझा की थी और दुर्घटना की आशंका जताई थी।

मंत्री ने इस मामले में बोकारो के उपायुक्त को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।

ब्रेकडाउन वाहनों की सुरक्षित व्यवस्था पर सवाल

जमशेदपुर हादसे के बाद सड़क पर खराब होकर खड़े वाहनों की सुरक्षित व्यवस्था को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। सड़क किनारे खड़े ब्रेकडाउन वाहनों के आसपास पर्याप्त चेतावनी संकेत या सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने पर दुर्घटना का खतरा बढ़ सकता है।

ऐसे वाहनों को समय पर हटाने और सड़क पर उनकी मौजूदगी के दौरान पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम सुनिश्चित करने की जरूरत पर भी जोर दिया जा रहा है।

चार परिवारों में पसरा मातम

दोमुहानी सड़क हादसे में ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडे सिंह की छोटी बेटी युविका सिंह उर्फ तृषा के अलावा वंशिका खंडेलवाल, नमन गुप्ता और सार्थक अग्रवाल की मौत हुई थी। बताया गया कि चारों कार्मेल जूनियर कॉलेज में कॉमर्स की पढ़ाई कर रहे थे।

हादसे के बाद सड़क सुरक्षा, गलत पार्किंग और ब्रेकडाउन वाहनों की व्यवस्था को लेकर राज्यभर में चर्चा हो रही है। अब देखना होगा कि गलत पार्किंग और सड़क किनारे खड़े वाहनों के खिलाफ अभियान को जिला स्तर पर किस तरह लागू किया जाता है।

Read more

Local News